पटना : पूरे प्रदेश में बिहार दिवस समारोह की धूम है. सीएम नीतीश ने आज बिहार दिवस समारोह का उद्घाटन किया. उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत तमाम मंत्री भी मौजूद थे. पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. हालांकि इस बार पिछले साल की तरह तैयारी नहीं की गई है. महज औपचारिकता निभाकर सीएम नीतीश कुमार निकल गए.

नीतीश का बतौर सीएम अंतिम बिहार दिवस?
पटना के गांधी मैदान में होने वाले बिहार दिवस कार्यक्रम का इंतजार बिहार वासियों को रहता है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संभवत इस बार मुख्यमंत्री के तौर पर अंतिम बार बिहार दिवस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं. इस बार बिहार दिवस के मौके पर तैयारी तो की गई थी, लेकिन पहले की तरह उत्साह नहीं दिख रहा था. कार्यक्रम 24 मार्च 2026 तक चलेगा.

गांधी मैदान में 2 मिनट तक रहे मुख्यमंत्री
बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महज दो मिनट तक कार्यक्रम स्थल पर रुके और उद्घाटन के तुरंत बाद वहां से प्रस्थान कर गए. आमतौर पर बिहार दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री का विस्तृत संबोधन और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार उनका कार्यक्रम में अल्प समय तक रहना चर्चा का विषय बना हुआ है.

पूरा कुनबा गांधी मैदान से हुआ रवाना
हालांकि, आधिकारिक तौर पर उनके जल्द लौटने की वजह सामने नहीं आई है. सूत्रों की मानें तो व्यस्त शेड्यूल या अन्य पूर्व निर्धारित कार्यक्रम इसके पीछे कारण हो सकते हैं. आपको बता दें कि बिहार दिवस हर साल 22 मार्च को मनाया जाता है, जो राज्य के गठन की स्मृति ताजा करता है.
बिहार दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम
बिहार दिवस के मौके पर गांधी मैदान में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाता है. बिहार के चर्चित गायक कलाकार सत्येंद्र संगीत ने गीत संगीत के माध्यम से लोगों को झूमने को मजबूर कर दिया. सत्येंद्र संगीत ने कई गीत गाये. छठ उत्सव को लेकर भी पारंपरिक गीत गाए गए लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया. इसके अलावा और कई चर्चित कलाकारों के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं.

114 साल का बिहार
22 मार्च 1912 में बिहार भाषाई आधार पर बंगाल से अलग हुआ था. पूरे 114 साल का बिहार विकास की राह में तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है. सीएम नीतीश अब राज्यसभा जाने वाले हैं इसलिए माना जा रहा है कि यह उनका बतौर सीएम अंतिम ‘बिहार दिवस’ का उद्घाटन समारोह था.



Leave a Reply