पटना : बिहार के गया में पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस के पहिए से आग की चिंगारी और धुआं निकलने से सनसनी फैल गई. इस दौरान यात्रियों में हडकंप मच गया. हालांकि, ट्रेन के लोको पायलट ने यहां पर सूझबूझ दिखाई और ट्रेन को तुरंत रोका गया. इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया. करीब आधे घंटे तक जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन गया के बंधुआ स्टेशन पर खड़ी रही.

ट्रेन से निकली चिंगारी से धुआं-धुआं
जानकारी के अनुसार पटना से गया होते हुए रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन रविवार को गया से खुली थी. गया जंक्शन से रवाना होने के बाद ट्रेन बंधुआ स्टेशन के समीप पहुंची थी. इसी क्रम में जनशताब्दी ट्रेन के एक कोच के पहिए से आग की चिंगारी और धुआं निकलने लगा जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. यात्रियों में अफरातफरी मच गई थी.

ट्रेन को लोको पायलट ने रोका
इसकी जानकारी होते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाई. ट्रेन तुरंत बंधुआ स्टेशन पर रोका गया. जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को रोके जाने के बाद यात्री बाहर निकले. वहीं, ट्रेन में लगे अग्निशमन यंत्र से पहिए पर छिड़काव किया गया जिससे आग की चिंगारी वाले स्थान पर काबू पाया गया. मौके पर मौजूद आरपीएफ के जवान भी तुरंत सक्रिय हो गए थे.

ब्रेक बाइंडिंग से हुई यह स्थिति
वहीं, रेल प्रशासन की माने, तो ब्रेक बाइंडिंग की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई. ब्रेक बाइंडिंग सिस्टम में लगे रबर युक्त यंत्र के घर्षण से पहिये में गर्मी होने के कारण कभी-कभी धुआं या आग की चिंगारी जैसी स्थिति बन जाती है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्थिति को पूरी तरह से मौके पर ही सामान्य कर लिया गया. ट्रेन गया के बंधुआ स्टेशन पर करीब आधे घंटे तक रुकी रही. इसके बाद रांची के लिए प्रस्थान कर गई.




Leave a Reply