मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जमकर बवाल हुआ है। यहां पॉक्सो के एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर लोगों ने हमला बोल दिया। गायघाट के चोरनिया गांव में मंगलवार की देर रात पुलिस व ग्रामीण में भिड़ंत हो गई। इसमें हुई फायरिंग में ग्रामीण जगतवीर राय (55) की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर से थानेदार राजा सिंह समेत चार पुलिस कर्मी घायल है। गांव में पुलिस के खिलाफ भाड़ी आक्रोश है। सुबह 11 बजे तक पुलिस गांव में डर से नहीं पहुंची।

ग्रामीणों की मांग है कि आरोपी थानेदार को गिरफ्तार की जाए। एसएसपी ने गायघाट थानेदार राजा सिंह को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस का आरोप है कि मंगलवार की रात पॉक्सो मामले में आरोपित के घर छापेमारी की गई। इसी दौरान आरोपी और उसके पक्ष के लोगों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई। इसमें पुलिस पर फायरिंग भी की गई। इसके जवाब में थानेदार ने दो राउंड हवाई फायरिंग की।

मृतक के चाचा टुन्ना राय और अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि छापेमारी के दौरान थानेदार ने शराब पी रखी थी। पॉक्सो के आरोपी भिखारी राय के बजाय अजय कुमार के घर पर रात में छापेमारी की गई। पुलिस ने अजय को पकड़ लिया। उसने गिरफ्तारी का कारण पूछा और कहा कि केस या वारंट दिखाइए। इसपर थानेदार, अजय के साथ गाली-गलौज व मारपीट करते हुए उसको खींच कर ले जाने लगे। इस पर मारपीट हो गई। पुलिस ने पहले एक राउंड हवाई फायर किया। उसके बाद अजय पर गोली चलाई तो वह बच गया। जगतवीर आए तो उन्होंने थानेदार को फायरिंग करने से रोका लेकिन थानेदार नहीं माने और उनके सीने में पिस्टल सटाकर गोली मार दी।

टुन्ना राय ने बताया कि मौके पर ही जगतवीर की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस कर्मी भागने लगे। करीब दो किलोमीटर तक पुलिस पैदल भागती रही। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए उन्हें खदेड़ा। सुबह में बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण जुट गए। थानेदार की गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने हंगामा किया गया। एसएसपी कांतेश मिश्रा ने मौके पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की है। उन्होंने सभी बिंदुओं पर जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।



Leave a Reply