बिहार : तरह-तरह के लालच और भय में फंसकर रोज सैकड़ों लोग ऑनलाइन ठगों के हाथों करोड़ों रुपये गंवा रहे हैं, अखबारों में खबर छप रही है, डिजिटल में न्यूज आ रहे हैं, सरकार मोबाइल पर मैसेज भेज-भेजकर सबको सतर्क कर रही है, लेकिन फिर भी देश-दुनिया और अपने आस-पास की चीजों से बेखबर लोग जालसाजों के झांसे में आकर कमाई लुटा रहे हैं। पश्चिम चंपारण के सिकटा की एक युवती को इंस्टाग्राम के जरिए फंसाने वाले साइबर क्रिमिनल ने पाकिस्तानी नंबर से बात करके खुद को लंदन का बताया और नेपाल के नंबर पर पैसा मंगवाकर गायब हो गया।

मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाने वाली युवती को इंटरनेशनल कोड की जानकारी होती या उसने कुछ इंटरनेट पर गूगल सर्च कर लिया होता तो उसे पता चल जाता कि उसको प्यार के नाम पर उल्लू बना रहा लड़का लंदन में तो कतई नहीं रहता है। उसे जो फोन आ रहा है, वह पाकिस्तान के किसी नंबर से आ रहा है। उससे जिस नंबर पर पैसा मंगवाया जा रहा है, वो नेपाल का है। नंबर पाकिस्तान का है तो ये जरूरी नहीं कि लड़का पाकिस्तान में ही हो या पाकिस्तानी ही हो। तमाम तकनीक हैं, जिससे एक देश में बैठकर दूसरे देश के नंबर से किसी को फोन लगाया जा सकता है। युवती की आशिकी का बुखार अलग-अलग मौके पर कुल 2.21 लाख रुपये गंवाने के बाद उतरा।

युवती के परिजनों को जब ठगी का पता चला तो उसे लेकर शिकायत दर्ज कराने सिकटा थाने गए। लोकल पुलिस ने साइबर क्राइम बताते हुए परिजनों को साइबर थाना, बेतिया भेजा। पीड़िता ने वहां बताया कि लंदन के एक लड़के से इंस्टाग्राम पर प्यार हुआ। जिसके बाद वह शादी की बात करते हुए वहां बुलाने लगा। मैंने लंदन जाने से मना कर दिया तो गायब हो गया। लेकिन, इससे पहले रोज मोबाइल नंबर 923437080100 पर बात होती थी। यह नंबर पाकिस्तानी है। युवती ने बताया कि जब उसे रुपये की जरूरत होती थी तब मोबाइल नंबर 9772416140 से बात करता था और रुपये डाल देती थी। यह नंबर नेपाल का है।


युवती की मां ने बताया कि तीन बेटी और दो बेटों में सबसे छोटी बेटी मंगलवार सुबह में घर पर नहीं दिखी तो खोज करने लगे। नहीं मिली तब उसके मोबाइल पर फोन किया। तब बेटी ने सिकटा आने और ठगी की आपबीती बताई। पीड़िता ने बताया कि संदेह होने के बाद उसने लड़के के फोन नंबर पर बात करने की कोशिश की लेकिन वह नंबर बंद था।



Leave a Reply