पटना : राज्यसभा चुनाव की हलचल और होली की सरगर्मी के बीच बिहार की सियासत में नया रंग घुलने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर आज पटना पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला मौका है जब वे होली के मौके पर बिहार में मौजूद रहेंगे। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है।

पटना के बेली रोड स्थित चटकारा फूड कोर्ट में दोपहर 12:30 बजे भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। इस मौके पर प्रदेश नेतृत्व और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सारगवी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह कार्यक्रम केवल होली की औपचारिकता नहीं बल्कि संगठनात्मक मजबूती और आपसी तालमेल को और पुख्ता करने की रणनीति का हिस्सा है। होली के रंगों के साथ राजनीतिक संवाद, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और आगामी रणनीतियों पर चर्चा भी होगी।

पटना साहिब, कुम्हरार, बांकीपुर और दीघा विधानसभा क्षेत्रों के मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी तादाद में शामिल होंगे। भाजपा पटना महानगर इकाई ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए खास तैयारियां की हैं।

दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और भाजपा जिला अध्यक्ष रूप नारायण मेहता संयुक्त रूप से कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा, मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत और व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।पांच मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। लेकिन इन दो दिनों में पटना की फिजा सियासी और रंगीन दोनों अंदाज में सराबोर रहने वाली है।



Leave a Reply