BIHARMUZAFFARPURSTATE

बिहार में रातों रात बदला मौसम! फरवरी में ही जून जैसा एहसास, 7°C तक बढ़ा तापमान, IMD की चेतावनी

बिहार : बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। अब केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में रात का पारा 20 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। फरवरी महीने में अब तक न्यूनतम तापमान में करीब 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में यह बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि ठंड का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। सुबह और शाम हल्की ठंडक जरूर महसूस हो रही है, लेकिन दिन के साथ-साथ रातें भी अब अपेक्षाकृत गर्म होने लगी हैं।

रात के तापमान में उतार-चढ़ाव

फरवरी महीने में अब तक न्यूनतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। महीने की शुरुआत में रात का तापमान 7.8°C से 13.3°C के बीच था। इसके बाद धीरे-धीरे बढ़ोतरी हुई, हालांकि बीच-बीच में हल्की गिरावट भी देखने को मिली।20 फरवरी को न्यूनतम तापमान 11.3°C से 20.8°C के बीच दर्ज किया गया। यानी बीते 20 दिनों में रात के तापमान में करीब 4°C से 8°C तक की वृद्धि हुई है। फिलहाल राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 15°C से ऊपर बना हुआ है। बांका और कटिहार में तो यह 20°C के पार पहुंच गया है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन घना कोहरा या बारिश की संभावना फिलहाल बेहद कम है। 22 फरवरी से पटना और आसपास के जिलों में आसमान में हल्के बादल छाने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।

गर्मी करेगी परेशान 

पटना, नालंदा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सीवान, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, सीतामढ़ी, मधुबनी और भागलपुर समेत अधिकांश जिलों में फिलहाल अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार अप्रैल से जून के बीच राज्य में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। विभाग का कहना है कि इस अवधि में हीटवेव यानी लू के दिनों की संख्या बढ़ सकती है। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की आशंका जताई गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.