बिहार : बिहार पुलिस अब देश की केंद्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों और अन्य राज्यों की पुलिस से सीधे जुड़ गई है। इसके लिए राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) का क्राइम मल्टी एजेंसी सेंटर (Cri-MAC) पोर्टल माध्यम बना है। इससे बिहार पुलिस और देशभर की एजेंसियों के बीच अपराध और अपराधियों की जानकारी रियल टाइम में साझा की जा सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, अब हाई अलर्ट वाले मामलों की सूचना तुरंत सभी संबंधित एजेंसियों तक पहुंचेगी।

रियल टाइम अलर्ट की सुविधा
Cri-MAC पोर्टल के जरिए बिहार में दर्ज मामलों की जानकारी अन्य राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों को तुरंत मिल जाएगी। इसी तरह, दूसरे राज्यों की कार्रवाई की सूचना भी बिहार पुलिस को मिलती रहेगी। इस वेब पोर्टल से एक साथ कई अधिकारियों को संदेश और ईमेल भेजे जा सकते हैं। किसी भी एफआईआर की जानकारी भी तुरंत देखी जा सकती है।

जीरो एफआईआर भी होगी लिंक
नए कानून के तहत जीरो एफआईआर का प्रावधान है। अब घटना की एफआईआर उसी थाने में दर्ज कराना जरूरी नहीं है। किसी भी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की जा सकती है। यह जानकारी भी Cri-MAC सॉफ्टवेयर के जरिए संबंधित थानों तक भेजी जा रही है।

अंतरराज्यीय माफियाओं पर कड़ा शिकंजा
अधिकारियों का कहना है कि इस पोर्टल से अंतरराज्यीय अपराधियों और माफियाओं पर कार्रवाई आसान होगी। मानव तस्करी और शराब माफिया जैसे गिरोहों पर नजर रखने में मदद मिलेगी।यह पोर्टल सुरक्षित CCTNS (Crime and Criminal Tracking Network and Systems) नेटवर्क पर चलता है। केवल प्रमाणित अधिकारी ही इसे उपयोग कर सकते हैं। अब गिरफ्तारी, जेल से रिहाई और अन्य मामलों की जानकारी तुरंत साझा होगी। इससे बिहार में अपराध कर दूसरे राज्यों में छिपने वाले अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी आसान होगी।




Leave a Reply