पटना: बिहार में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है. रविवार को महाशिवरात्रि के दिन बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर दहशत फैला दी. घटना पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के शिवाजी चौक के पास की है. जहां चाय पीने आए दो युवकों को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाते हुए गोली मार दी. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.

चाय पी रहे युवकों पर फायरिंग
घायल युवकों की पहचान बिट्टू कुमार और पिंटू कुमार के रूप में हुई है. दोनों आपस में मित्र बताए जा रहे हैं और महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवाजी चौक के पास एक चाय दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगते ही दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

दोनों अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. हालांकि डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में रखे हुए है.

घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही सदर एसडीपीओ-2 रंजन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.

क्या बोले एसडीपीओ?
महाशिवरात्रि के दिन हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. हालांकि सदर एसडीपीओ-2 रंजन कुमार ने संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को चिह्नित कर लिया जाएगा.



Leave a Reply