समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में बड़ी घटना हुई है। यहां दो लोगों को गोली मारकर भाग रहे बदमाशों में से एक बदमाश भीड़ की हत्थे चढ़ गया। भीड़ ने इस बदमाश को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। दलसिंहसराय में शहर के अनुमंडल अस्पताल रोड स्थित इंडियन बैंक के समीप बुधवार शाम करीब सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह फायरिंग कर एक युवक और राहगीर महिला को गोली मार दी।

वारदात के बाद आक्रोशित भीड़ ने भाग रहे बदमाशों में से एक को दबोचकर बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव के बीच भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पूर्व के मुकदमे में गोली मारने की बात सामने आ रही है।

चश्मदीदों के मुताबिक, बेलबन्ना निवासी पप्पू पासवान बाइक से जा रहा था, तभी दूसरी बाइक पर सवार बदमाशों से उसकी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पप्पू के सीने में एक और पीठ में तीन गोलियां लगी हैं। उसे नाजुक हालत में रेफर किया गया है। वहीं, पास से गुजर रही अस्पताल रोड निवासी रमेश साह की पत्नी रेखा देवी की बांह में एक गोली लगी है। उनका इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में हो रहा है। फायरिंग के बाद भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों में से एक, लोकनाथपुर गंज निवासी सन्नी कुमार (24) को भीड़ ने पकड़ लिया। उसके 2-3 साथी बाइक छोड़कर फरार हो गए।

उग्र भीड़ ने सन्नी की जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में जख्मी सन्नी ने दम तोड़ दिया।

पुरानी रंजिश की आशंका, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल से पुलिस ने चार खोखे बरामद किए हैं। साक्ष्य एकत्रित करने के लिए पटना से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। डीएसपी ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर गंज मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।



Leave a Reply