BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

रेल यात्री ध्यान दें! वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें 15 दिनों तक देर से चलेंगी, नया टाइम टेबल देख लें

बिहार: भारतीय रेलवे द्वारा यात्री सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के उद्देश्य से गया–कोडरमा रेलखंड के पहाड़पुर स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा। इस कार्य को लेकर धनबाद–गया–डीडीयू रेल रूट पर दोपहर के बाद ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण 13 फरवरी से आगामी 15 दिनों तक कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा।

रेल प्रशासन के अनुसार, गर्डर लॉन्चिंग कार्य के चलते कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से विलंब से चलेंगी, जबकि कुछ का आंशिक रूप से संचालन किया जाएगा। वाराणसी–आसनसोल मेमू ट्रेन 13, 17 और 18 फरवरी को लगभग 30 मिनट तथा 19 फरवरी को 40 मिनट विलंब से चलेगी। वहीं आनंद विहार–रांची झारखंड एक्सप्रेस 16 फरवरी को 135 मिनट और 19 फरवरी को 120 मिनट विलंब से आनंद विहार से खुलेगी।

कोडरमा–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 21 से 25 फरवरी तक 105 से 120 मिनट की देरी से कोडरमा स्टेशन से रवाना होगी। गया–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस 21, 22 और 23 फरवरी को क्रमशः 90, 70 और 90 मिनट विलंब से गया से खुलेगी। इसके अलावा रांची एक्सप्रेस 21 फरवरी को आरा से 130 मिनट लेट चलेगी, जबकि पटना–टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस 23 फरवरी को 75 मिनट विलंब से पटना जंक्शन से प्रस्थान करेगी। वैशाली–कोडरमा–वैशाली मेमू ट्रेन 22 फरवरी को वैशाली से गया तक ही संचालित होगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.