मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में अहले सुबह रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि सड़क पर खून और चीख-पुकार का मंजर फैल गया। पारू थाना क्षेत्र के लालू छपड़ा चौक के समीप एक यात्री बस और कार के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस और कार के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के सन्नाटे में तेज रफ्तार से आ रही यात्री बस ने सामने से आ रही कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सड़क पर ही चिपक गई और उसमें बैठे दोनों लोगों ने वहीं दम तोड़ दिया। हादसे की आवाज इतनी जोरदार थी कि दूर-दूर तक सुनाई दी और कुछ ही पलों में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे के बाद बस का चालक और उप चालक हालात की गंभीरता भांपते ही मौके से फरार हो गए। दोनों के फरार होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस तेज रफ्तार में थी और चालक ने लापरवाही बरती, जिसकी कीमत कार सवारों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही पारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस फरार चालक और उप चालक की तलाश में जुट गई है और बस के नंबर के आधार पर मालिक तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

इस हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लालू छपड़ा चौक के पास आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने मांग की है कि इस चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती बरती जाए। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। सवाल यही है कि यह हादसा महज इत्तेफाक था या फिर रफ्तार और लापरवाही से रची गई एक और खूनी कहानी। जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा, लेकिन दो जिंदगियां हमेशा के लिए सड़क पर खत्म हो चुकी हैं।



Leave a Reply