दरभंगा: बिहार के दरभंगा में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या मामला में नया मोड़ आ गया है, पुलिस ने हंगामा करने वाले 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखर इलाके में शनिवार शाम को यह वारदात हुई. आरोपी बच्ची को तालाब किनारे खेलते समय जबरदस्ती उठाकर ले गया और सुनसान जगह पर अपराध को अंजाम देकर शव फेंक दिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों की मदद से आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया.

पड़ोसी ने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम
बच्ची तीन छोटी लड़कियों के साथ तालाब किनारे खेल रही थी. 22 वर्षीय पड़ोसी ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दो बच्चियां भाग निकली. आरोपी ने छह वर्षीय पीड़िता को हाथ पकड़कर अंधेरे में ले जाकर दुष्कर्म किया और क्रूरता से हत्या कर दी. देर रात बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोज शुरू की. आवारा कुत्तों के भौंकने पर परिजन तालाब किनारे पहुंचे, जहां दीवार के पास बच्ची का खून से लथपथ शव मिला.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसएसपी जगनाथ रेड्डी सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. सीसीटीवी फुटेज दिखाकर अन्य दो बच्चियों से आरोपी की पहचान कराई गई, जिसके आधार पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया. उसके कपड़ों पर खून के धब्बे मिले. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और जांच जारी है.
आरोपी ने की थी तीन शादियां
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी ऑटो चलाता था और नशे की लत के कारण उसकी तीनों पत्नियां उसे छोड़कर चली गई थी. वह माता-पिता के साथ रहता था. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. वहीं बच्ची के परिवार ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है





Leave a Reply