BIHARMUZAFFARPURSTATE

8 फरवरी से बिहार यात्रा पर निकलेंगे प्रशांत किशोर, हार के बाद नए सिरे से खड़ी कर रहे पार्टी

बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार झेलने के बाद प्रशांत किशोर अपनी जन सुराज पार्टी को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद में जुट गए हैं। इसके लिए वे 8 फरवरी से बिहार यात्रा पर निकलेंगे। इस दौरान वे विभिन्न जिलों का दौरा कर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। जन सुराज ने पीके की बिहार यात्रा के प्रथम चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसकी शुरुआत पश्चिम चंपारण जिले से होगी।

प्रशांत किशोर की बिहार यात्रा का पहला चरण 8 से 13 फरवरी तक चलेगा। पहले दिन वे पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में मीटिंग करेंगे। 9 फरवरी को बेतिया में बैठक होगी। फिर 10 फरवरी को वे मोतिहारी (पूर्वी चंपारण), 11 को दरभंगा, 12 को मुजफ्फरपुर और 13 को वैशाली जिले के दौरे पर रहेंगे।

जन सुराज में होंगे संगठनात्मक बदलाव

बिहार चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने अकेले ही सभी सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन एक भी सीट पर जीत नहीं दर्ज कर पाई थी। इस शर्मनाक हार के बाद जन सुराज में उथल-पुथल मच गई। कई नेता और पदाधिकारी पीके का साथ छोड़कर जाने लगे। अब पीके जन सुराज को फिर से मजबूत करने में जुट गए हैं।

इसी क्रम में प्रशांत किशोर सभी जिलों का दौरा करने जा रहे हैं। जन सुराज की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि पार्टी को नए सिरे से सशक्त करने, संगठनात्मक पुनर्गठन और नव निर्माण के उद्देश्य के लिए पीके चर्चा करेंगे। पत्र में यह भी उल्लेख है कि जिलों में बैठक होने के तीन दिनों के अंदर जिला मुख्यालय में ही प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य वरीय नेताओं की उपस्थिति में संगठन की घोषणा कर दी जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.