मुजफ्फरपुर: बिहार में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र में अहले सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की जान चली गई, जबकि हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सुबह-सुबह सड़क किनारे शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।

पूरा मामला मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर स्थित एनएच-28 के सरमस्तपुर चौक के समीप का है। बताया जा रहा है कि तड़के सुबह किसी अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर खून से सना शव पड़ा रहा, जिसे देखकर राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए।

सुबह जब स्थानीय लोग टहलने या काम पर निकलने के लिए सड़क पर आए, तो उन्होंने सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। पहले तो लोग सहम गए, फिर धीरे-धीरे भीड़ जमा होने लगी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल सकरा थाना की पुलिस को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी।

सकरा थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को सूचना दे दी गई है और गुमशुदगी से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। मृतक के कपड़ों और हुलिए के आधार पर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस को आशंका है कि युवक किसी भारी वाहन या तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आया होगा, जो हादसे के बाद बिना रुके फरार हो गया। एनएच-28 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और पुलिस गश्त की कमी के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।




Leave a Reply