पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जनता दल यूनाइटेड ने अपनी पहली प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में 57 उम्मीदवारों के नाम हैं. लिस्ट में कुछ नाम ऐसे हैं जिसने सबको चौंका दिया है. हालांकि इन नामों के लिस्ट में होने की पूरी संभावना भी जतायी जा रही थी. उन्हीं में से एक चिराग पासवान की सांसद की बेटी कोमल सिंह का नाम है. कोमल को नीतीश कुमार ने टिकट दिया है.

वीणा देवी की बेटी को टिकट
सांसद वीणा देवी की बेटी कोमल सिंह को गायघाट विधानसभा सीट से जेडीयू ने अपना उम्मीदवार बनाया है. कोमल सिंह के पिता दिनेश सिंह जदयू से विधान परिषद के सदस्य हैं. कोमल सिंह को उम्मीदवार बनाने को चिराग पासवान किस रूप में लेते हैं, देखना दिलचस्प होगा.

कुल 4 महिलाओं को टिकट
महिलाओं को खास तवज्जो देने वाले नीतीश कुमार ने 57 उम्मीदवारों की लिस्ट में 4 महिलाओं को भी शामिल किया है. जिन चार महिलाओं को पार्टी ने मैदान में उतारा है उनमें मधेपुरा से कविता साहा, गायघाट से कोमल सिंह (वीणा देवी की बेटी), समस्तीपुर से अश्वमेध देवी और विभूतिपुर से रवीना कुशवाहा के नाम शामिल हैं.

जेडीयू की लिस्ट में बाहुबली
जेडीयू की लिस्ट में 3 बाहुबलियों को भी टिकट दिया गया है. इनमें मोकामा से अनंत सिंह का नाम काफी चर्चित है. अनंत सिंह ने मंगलवार को ही नामांकन कर दिया था. वहीं कुचायकोट सीट से अमरेंद्र सिंह और एकमा से धूमल सिंह को टिकट दिया गया है.

फुलवारी शरीफ से श्याम रजक को टिकट: JDU ने जिन उम्मीदवारों को टिकट दिया है उनमें एक खास नाम बिहार के पूर्व उद्योग मंत्री श्याम रजक का भी है. श्याम रजक को फुलवारी शरीफ से प्रत्याशी बनाया गया है. श्याम रजक साल 2020 के चुनाव में आरजेडी में थे. लेकिन गठबंधन में यह सीट लेफ्ट के पास चली गई थी. जिसके कारण श्याम रजक को मौका नहीं मिल सका था. बाद में उन्होंने जेडीयू ज्वाइन कर ली थी.
संदेश से राधा चरण साह प्रत्याशी
जेडीयू में शामिल होने से पहले राधा चरण साह आरजेडी से भी बिहार विधान परिषद के सदस्य थे. साल 2020 में बिहार विधान परिषद चुनाव के ठीक पहले उन्होंने आरजेडी को छोड़कर जेडीयू का दामन थाम लिया था. वहीं एमएलसी राधा चरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद अवैध बालू खनन मामले में आरोपी हैं. जेल भी जा चुके हैं और इसी साल अगस्त में उन्हें पटना हाईकोर्ट से जमानत मिली थी.


Leave a Reply