BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

दरभंगा में जनसुराज की सभा में चली कुर्सियां, एक का फ’टा सिर

दरभंगा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर जनसुराज पार्टी की एक बैठक में जमकर हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई है. यह मामला दरभंगा जिले के बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है, जहां पार्टी की जनसभा के दौरान उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई.

जनसुराज पार्टी की एक बैठक में बवाल

हनुमान नगर प्रखंड के उत्क्रमित विद्यालय तारालाही में आयोजित इस जनसभा का उद्देश्य आगामी चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन था. हालांकि बैलेट पेपर पर मतदान के दौरान अनियमितताओं के आरोपों ने स्थिति को बेकाबू कर दिया, जिससे मंच रणक्षेत्र में बदल गया. इस घटना में 6 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से एक का सिर फट गया. घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने पार्टी की छवि पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

मतदान प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप

जनसुराज के कार्यकर्ता राज कुमार पासवान ने बताया कि हनुमान नगर प्रखंड में आयोजित जनसभा में जनसुराज पार्टी ने बैलेट पेपर के जरिए उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया शुरू की थी. वहीं मतदान के दौरान एक व्यक्ति द्वारा कई बैलेट पेपर पर जबरन साइन करने का आरोप लगा, जिसका स्थानीय लोगों ने तीखा विरोध किया. विरोध के बाद शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. समर्थकों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकीं, जिसमें एक शख्स का सिर फट गया है और 6 घायल हैं.

संभावित उम्मीदवारों ने रखा अपना पक्ष

हंगामे से पहले सभा को बहादुरपुर विधानसभा के संभावित उम्मीदवारों ने संबोधित किया. इनमें निर्मल कुमार, विनय कुमार सिंह, भरत यादव, मोहम्मद कलाम, राजीव कुमार मणि और सुरेश प्रसाद सिंह शामिल थे. सभी ने अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में अपने विचार रखे और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान का वादा किया. निर्मल कुमार ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर दिया, जबकि मोहम्मद कलाम ने सामाजिक समरसता की बात कही.

उम्मीदवार चयन की बहुस्तरीय प्रक्रिया

जनसुराज पार्टी ने बिहार के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में 3 से 8 अक्टूबर तक उम्मीदवार चयन के लिए जनसभाएं आयोजित करने की योजना बनाई है. इससे पहले दो स्तरों पर संगठन के पदाधिकारियों से राय ली गई थी. अब विधानसभा स्तर पर संस्थापक और प्राथमिक सदस्यों की राय लेकर प्रत्याशी चयन को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और लोकतांत्रिक होगी.

पार्टी नेतृत्व ने की घटना की निंदा

जनसुराज के जिला चुनाव प्रभारी सुरेंद्र मोहन यादव ने बहादुरपुर में हुई हिंसा की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि हिंसा का कोई स्थान लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नहीं है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह स्थानीय स्तर का विवाद था, जो पूरे चयन अभियान को प्रभावित नहीं करेगा.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.