इस मॉनसून सीजन में बारिश की कमी झेल रहे बिहार के लोगों के लिए अच्छी खबर है। बुधवार 16 जुलाई से मॉनसून फिर से वेग में आ गया है। राज्य के अधिकांश जिलों को काले बादलों ने अपने आगोश में ले लिया है। दक्षिण बिहार में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। पटना में भी झमाझम बरसात हो रही है। मौसम विभाग ने तात्कालिक रेड अलर्ट जारी कर मुजफ्फरपुर समेत 4 जिलों में ठनका और तेज बूंदाबांदी की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में मंगलवार रात से ही लगातार पानी गिर रहा है, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए हैं।

मौसम विभाग ने सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली और नालंदा जिले में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बुधवार शाम तक तेज मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी है। लोगों से घरों में ही रहने की अपील की गई है। इसके अलावा पटना, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, अरवल, रोहतास, जहानाबाद, गयाजी, बांका, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी जिले में भी वज्रपात का तात्कालिक ऑरेंज अलर्ट है।

दक्षिण बिहार में भारी बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो पूरे बिहार में फिलहाल मॉनसून का सिस्टम सक्रिय हो चुका है। दक्षिण और पश्चिम बिहार में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। पटना सहित दक्षिण बिहार में अगले 24 घंटों के भीतर भारी बारिश के आसार हैं। पटना मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान जारी कर बुधवार को गयाजी, रोहतास कैमूर और औरंगाबाद जिलों में अति भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं, अरवल, बक्सर, भोजपुर, सारण, समस्तीपुर, मुंगेर, बेगूसराय और जहानाबाद जिले में भी भारी बारिश के आसार हैं।

गयाजी में भारी बारिश से आफत, कहीं पुल टूटे तो कहीं लोग बहे
जिले में रात भर से हो रही भारी बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित है। शेरघाटी में पलकिया शेरपुर और फतेहपुर को जोड़ने वाली सड़क पर बना पुल बह गया। मोरहर नदी उफान पर है। इमामगंज के पकरी गुरिया गांव के बधार में बाढ़ आई है। बोधगया के निचले इलाकों में घरों के अंदर पानी घुस गया है।

जिले के गुरुआ के राजन गांव में नदी के तेज पानी में 6 युवक बह गए। इनमें से तीन युवक खुद किनारे आ गए, बाकी को स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद बचाया। सभी युवक बिहार पुलिस की तैयारी करने गए थे। दूसरी ओर, बोधगया में बतसपुर गांव के पास मोराटाल रोड कट गया है। बतसपुर डैम पर पानी के दबाव के कारण मुहाने नदी से निकलने वाला मोराटाल पईन टूट गया है। सड़क का कटावअब भी जारी है।
बांका में बारिश से कांवरियों को हो रही परेशानी
जिले के तारापुर में सोमवार रात से हो रही बारिश से कांवर यात्रा में दुविधा हो रही है। कच्चा कांवरिया पथ पर बारिश से कीचड़ हो गया है, जिससे बाबा धाम देवघर की ओर पैदल जा रहे कांवरियों के पैर फिसल रहे हैं। साथ ही बारिश की वजह से कांवरिया पथ पर अस्थायी कैंपों में पानी गिर रहा है। स्वास्थ्य कैंपों में चिकित्सकीय उपकरण पानी से खराब हो गए हैं। धौरी-कुमरसार कांवरिया पथ पर बद्दुआ नदी में बाढ़ के हालात हैं। दबाव बढ़ने से डावर्सन के कभी बहने का खतरा बना हुआ है।

अमरपुर प्रखंड के गोपालपुर और भीखनपुर गांवों के बीच बने पुराने सिंचाई बांध पर अस्थायी कच्चे बांध (छिटका) को तोड़ दिए जाने के बाद, बारिश के पानी का दबाव इतना अधिक बढ़ गया कि मंगलवार रात वह संरचना टूट गई। इसके चलते तेज बहाव में आसपास की खेतों में पानी भर गया और कई एकड़ में धान की रोपनी प्रभावित हो गई।






Leave a Reply