BIHARMUZAFFARPURSTATE

सड़क धसी, संपर्क टूटा और डायवर्सन डूब गए; बिहार में बारिश से हाहाकार; डंगरी नदी उफनाई

बिहार के अलग-अलग जिलों में बारिश भारी तबाही ला रही है। गयाजी, बांका समेत कुछ अन्य जिलों के अलावा मुंगेर में भी बारिश ने भारी मुसीबत खड़ी कर दी है। पिछले दो तीन दिन से हो रही लगातार बारिश से हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र की तमाम छोटी बड़ी नदियां उफान पर हैं। हवेली खड़गपुर तारापुर मुख्य मार्ग के महकोला बासा के समीप महकोला बुढ़िया नदी पर बनाया गया डायवर्सन, नदी की तेज धार में बह गया। जिससे हवेली खड़गपुर तारापुर मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है।

स्पष्ट तौर पर कहा जाए तो हवेली खड़गपुर तारापुर के बीच संपर्क भंग हो गया है। वही इसी मार्ग पर नगर परिषद क्षेत्र के कच्ची मोड के समीप डंगरी नदी उफान पर है। सड़क निर्माण के क्रम में डंगरी नदी पर बनाए जा रहे पुल को लेकर आवागमन के उद्देश्य से बनाया गया डायवर्सन डूब गया है। डायवर्सन के ऊपर से पानी के तेज बहाव के बीच लोग जोखिम उठाकर आवागमन कर रहे हैं। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न नदियां उफान भरने लगी हैं।

हवेली खड़गपुर तारापुर मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण को लेकर जगह-जगह नदियों पर बनाए जा रहे पुल को लेकर बनाए गए डायवर्सन डूब गए हैं या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कई जगह डायवर्सन टूट गए हैं तो कहीं डायवर्सन के ऊपर से पानी का तेज बहाव लोगों के सामने आवागमन में मुश्किल बना हुआ है। डायवर्सन पर पानी का तेज बहाव के बीच कई लोग जान की परवाह किए बगैर आवाजाही कर रहे हैं।

तो कई युवा अटखेलिया भी करते दिख रहे हैं। जानकार बताते हैं कि इसी तरह अगर लगातार बारिश होती रही तो जगह-जगह बनाया गया डायवर्सन पानी का तेज बहाव नहीं झेल पाएगा और महकोला बासा की तरह ही क्षतिग्रस्त हो जाएगा। जिससे लोगों को भारी परेशानी आएगी।

बारिश के बीच वासुदेवपुर में सड़क धस कर बनी जानलेवा

इधर बारिश के बीच शहर के वासुदेवपुर में सड़क पूरी तरह धस कर जानलेवा बन चुकी है। जिससे वाहनों का आवागमन तक बाधित हो गया है। सीवरेज और पेयजल आपूर्ति के लिए एजेंसी द्वारा सड़कों की गहरी खुदाई कर पाइपलाइन बिछाई जाने के बाद रेस्टोरेशन सही तरीके से नहीं किया गया जिसका नतीजा अब सामने आने लगा है। परंतु नगर निगम प्रशासन एजेंसी से सड़कों की मरम्मत करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है । नगर निगम प्रशासन एजेंसी के बिल का भुगतान रोकने की बात कह कर पल्ला झाड़ ले रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.