BIHARPATNASTATE

बाबा गरीबनाथ महोत्सव-2025 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, 12 जुलाई को होगा ध्वजारोहण

मुजफ्फरपुर: सावन महीने में शिवभक्तों की सबसे बड़ी आस्था का पर्व ‘बाबा गरीबनाथ महोत्सव-2025’ इस बार भव्यता की नई मिसाल कायम करने जा रहा है। आयोजन की तैयारी को लेकर बाबा गरीबनाथ सेवा समिति की समीक्षा बैठक कफेन स्थित दर्शनीया धर्मशाला में संपन्न हुई, जिसमें महोत्सव से जुड़े तमाम बिंदुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि महोत्सव का ध्वजारोहण 12 जुलाई 2025 को दोपहर 12:15 बजे संपन्न होगा। इसके साथ ही महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। मुख्य आयोजन 20 जुलाई 2025 को बाबा गरीबनाथ सेवा समिति दर्शनीया धर्मशाला में बड़े पैमाने पर आयोजित होगा।

इस बार महोत्सव की खास आकर्षण बनने जा रही है प्रसिद्ध बोलबम गायक सुनील छैला बिहारी की प्रस्तुति, जो पहली बार मुजफ्फरपुर कांवरिया पथ पर भक्तों को अपने भक्ति गीतों से झुमाएंगे। आयोजकों के अनुसार, उनकी प्रस्तुति में हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे और बोलबम की धुनों पर थिरकते नजर आएंगे।

मिशन भारती रिसर्च इंफॉर्मेशन सेंटर एवं बिहार गुरु के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अविनाश तिरंगा उर्फ ‘ऑक्सीजन बाबा’ ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव में भाग लेने वाले कांवरियों के लिए ठहरने, भोजन-प्रसाद और चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की गई है। यह सारी व्यवस्थाएं हर सोमवारी से पहले शनिवार और रविवार को सुनिश्चित की जाएंगी ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य बी. एन. सिंह, डॉ. संजय पंकज, सोनू सिंह, अम्बिका सिंह, मुकेश त्रिपाठी, सलटु सिंह, टुनटुन दादा, विकास मिश्रा, सुनील गुप्ता, लालबाबू सिंह, टुटु सिंह समेत कई अन्य श्रद्धालु दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

पूरे शहर में बाबा गरीबनाथ महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंग और सामाजिक समर्पण से ओतप्रोत यह महोत्सव इस बार अतीत के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए ऐतिहासिक रूप लेने जा रहा है। आयोजकों ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे भारी संख्या में उपस्थित होकर बाबा के इस महापर्व को सफल बनाएं और पुण्य लाभ प्राप्त करें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.