BIHARPATNASTATE

‘मुकेश सहनी बड़े और तेजस्वी यादव छोटे भाई’, महागठबंधन को VIP का स्पष्ट संदेश- 60 से कम सीट मंजूर नहीं!

पटना: 30 जून को महागठबंधन की पांचवीं बैठक होने वाली है लेकिन उससे ठीक पहले पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने तेजस्वी यादव और सहयोगी दलों की परेशानी बढ़ा दी है. विकासशील इंसान पार्टी ने एक बार फिर सीटों को लेकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है. पार्टी ने साफ कहा कि है कि हमें हर हाल में 60 सीट चाहिए.

सीटों को लेकर जताई दावेदारी

वीआईपी प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने अपनी इच्छा जताई है कि हमें अधिक से अधिक सीटों पर लड़ना चाहिए. पार्टी पदाधारियों ने 60 सीटों पर विधानसभा का चुनाव लड़ने के लिए प्रस्ताव रखा है. हमलोगों ने अध्यक्ष मुकेश सहनी को भी इससे अवगत करा दिया है.

60 सीट चाहिए हमें

वीआईपी प्रवक्ता ने कहा कि हाल में वाल्मिकी नगर में विकासशील इंसान पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई थी. जहां पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रस्ताव दिया कि हमें हर हाल में 60 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए.

मिलकर लेंगे फैसला

60 सीट नहीं मिली तो क्या महागठबंधन से आप लोग नाता तोड़ लेंगे? इस पर हालांकि देव ज्योति ने कहा कि सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला तो हमारे राष्ट्रीय मुकेश सहनी और महागठबंधन के नेता लेंगे लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं की इच्छा 60 सीटों पर लड़ने की है. इसलिए हम चाहेंगे कि हमारी इच्छा के मुताबिक सीट मिले.

मुकेश सहनी के छोटे भाई हैं तेजस्वी यादव’

देव ज्योति ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी हमेशा कहते हैं कि वह बड़े भाई हैं और तेजस्वी यादव छोटे भाई हैं. इसलिए हमलोगों को पूरा विश्वास है कि दोनों भाई मिलकर सीट समझौते पर जल्द ही निर्णय ले लेंगे. उन्होंने कहा कि महागठबंधन समन्वय समिति के अध्यक्ष तेजस्वी यादव हैं तो फैसला भी उनको ही लेना है.

डिप्टी सीएम बनना चाहते हैं सहनी

आपको बताएं कि 60 सीटों के अलावे मुकेश सहनी डिप्टी सीएम का पद भी चाहते हैं. वह कई बार खुले मंच से कह चुके हैं कि महागठबंधन की सरकार बनने के बाद तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे और वह खुद उप-मुख्यमंत्री बनेंगे.

हालांकि अभी तक न तो सीएम कैंडिडेट के तौर पर तेजस्वी के नाम पर औपचारिक मुहर लगी है और न ही सहनी को लेकर कोई घोषणा हुई है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.