BIHARPATNASTATE

‘लालू के नक्शेकदम पर तेजस्वी’, जीतनराम मांझी का तंज- पिता की तरह लाठी में तेल पिलाना चाहिए

पटना: पिछले दिनों नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र-युवा संसद में कलम का वितरण किया था. इसको लेकर एनडीए के नेता उन पर तंज कस रहे हैं. अब केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने भी उन पर निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी को पिता लालू यादव के नक्शेकदम पर चलते हुए लाठी में तेल पिलवाना चाहिए और लाठी भंजवाना चाहिए, क्योंकि आरजेडी शासनकाल में ऐसा ही होता था.

तेजस्वी को एक दिन भी नहीं देगी जनता’

वहीं, बिहार की जनता से तेजस्वी यादव के 20 महीने की मांग पर मांझी ने कहा कि लोग उनको एक भी दिन नहीं देंगे. उनके पिताजी के जंगल राज को सब लोगों ने देखा है. आज भी यह लोग 70 प्रतिशत जमीन हड़पकर रखे हुए है. उन्होंने आरोप लगाया कि जितनी भी घटनाएं घट रही है, उसके पीछे आरजेडी के लोग हैं. अगर 10 महीना भी मिल गया तो बिहार की स्थिति फिर से नारकीय हो जाएगी.

वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर विपक्ष को जवाब

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने वोटर लिस्ट पुनरीक्षण और नाम हटाने के मामले पर विपक्ष के सवाल उठाने पर कहा कि इसका मतलब है कि विपक्ष वोटर लिस्ट की गड़बड़ी को नहीं हटाने देना चाहता है.

उन्होंने कहा कि हमें पता है कि कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां पर 25 हजार से 30 हजार बोगस वॉटर बने हुए हैं. अगर सही वोटर हैं तो फिर तेजस्वी को क्यों डर लग रहा है?

चिराग की दावेदारी पर क्या बोले?

चुनाव से पहले चिराग पासवान की सक्रियता बढ़ने के सवाल पर हम संरक्षक ने कहा कि चिराग भी एनडीए को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं, यह तो अच्छी बात है. वहीं, सीट शेयरिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सब एनडीए का नेतृत्व फैसला करेगा.

कोलकाता गैंगरेप पर ममता सरकार को घेरा

कोलकाता में साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में युवती के साथ गैंगरेप के मामले में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग की है.

उन्होंने कहा कि बंगाल में लॉ एंड ऑर्डर की हालत बेहद खराब है. घटना की जवाबदेही लेते हुए ममता बनर्जी को रिजाइन कर देना चाहिए.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.