BIHARPATNASTATE

अब आधार वेरिफिकेशन के बाद इस योजना में मिलेंगे 50-50 हजार रुपए, एक साथ 4.71 लाख छात्राओं को होगा लाभ

बिहार सरकार ने स्नातक करनेवाली 4.71 लाख छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत 50-50 हजार रुपये की राशि देने का फैसला लिया है।

हालांकि योजना का लाभ लेने के लिए सरकार ने आधार वेरिफिकेशन को अनिवार्य कर दिया है। सरकार की तरफ से बताया गया कि दिसंबर 2024 तक जारी रिजल्ट के आधार पर उत्तीर्ण छात्राओं का नाम विभाग के पोर्टल पर अपलोड किया गया है। जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा।

विभाग के पोर्टल पर बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के अलावा अन्य विश्वविद्यालयों की 4.71 लाख छात्राओं का रिजल्ट अपलोड किया गया है। विभाग ने इस साल जनवरी तक पोर्टल खोला था। उस समय तक जिन छात्राओं का रिजल्ट क्लियर हो गया था, उनका नाम अपलोड कर दिया गया।

85 हजार छात्राएं बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की

4.71 लाख छात्राओं में सबसे अधिक 85,058 छात्राएं बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की है। हालांकि शैक्षणिक सत्र 2021-24 की छात्राओं का रिजल्ट पोर्टल पर अपलोड नहीं है।

पिछले साल दिसंबर में विश्वविद्यालय ने सत्र 2021-24 का फाइनल रिजल्ट जारी किया। हालांकि इससे पहले के सत्र की सभी छात्राओं का नाम भी पोर्टल पर नहीं है।

चार महीने से पोर्टल बंद है। इस समस्या को लेकर आएदिन छात्राएं व उनके अभिभावक विश्वविद्यालय पहुंच रहे हैं।

गुरुवार को बेतिया से आईं कई छात्राएं बीआरए बिहार विश्वविद्यालय पहुंची। कॉलेज से कोई जानकारी नहीं मिली तो विश्वविद्यालय पहुंचीं। वहां बताया गया कि पोर्टल खुलने के बाद उनका रिजल्ट अपलोड होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.