बिहार खाद्य निगम के लेखापाल राजेश कुमार के छह ठिकानों पर ईओयू की टीम ने छापेमारी की। पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर और मोतिहारी में यह कार्रवाई हुई।

आय से अधिक संपत्ति मामले में ईओयू की टीम ने यह कार्रवाई की थी।

खास बात यह है कि लेखापाल राजेश कुमार की महिला मित्र रंजना कुमारी के ठिकाने पर भी ईओयू की टीम ने छापेमारी की। वह भी खाद्य निगम में ही पदस्थापित हैं। वह हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र के दिग्गी स्थित हनुमान नगर इलाके में रहती हैं।

बताया जा रहा है कि करीब सात घंटे तक चली छापेमारी में रंजना से पूछताछ की गई, जिसमें घर से कई फ्लैट और जमीन के कागजात बरामद किए गए।

बताया गया कि रंजना को 2023 में हाजीपुर खाद्य निगम में तैनात किया गया था। कागजात के संबंध में रंजना से पूछताछ की गई है। इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई की टीम कागजात लेकर पटना चली गई।

छापेमारी की खबर मिलते ही वैशाली जिले के खाद्य निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। छापेमारी की सूचना से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया। आर्थिक अपराध इकाई के टीम अपने साथ चार बोरे में कागजात भरकर ले गए हैं।

आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी ने बताया कि एफसीआई में तैनात राजेश कुमार की महिला मित्र रंजना कुमारी के यहां यह छापेमारी की गई है, जिसमें भारी मात्रा में कागजात बरामद हुए हैं, लेकिन कैश बरामद नहीं हुआ है।

उनके और राजेश के बीच संबंध की भी जांच की जा रही है। पटना में भी छापेमारी जारी है। बरामद कागजात में जमीन और फ्लैट के दस्तावेज शामिल हैं।



Leave a Reply