BIHARMUZAFFARPURNationalSTATE

लालू यादव के बेटे तेज प्रताप का नया ऐलान, क्या ये राजनीतिक वापसी का है संकेत?

पटना: राजद और परिवार से अलग होने के बाद, तेज प्रताप यादव अब जनता से सीधे संवाद स्थापित करने की तैयारी में हैं. लालू यादव के बड़े बेटे जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सुनकर उसका समाधान देने का प्रयास करेंगे. इस पहल की जानकारी खुद तेजप्रताप यादव ने दी है.

तेजप्रताप का जनता दरबार

तेज प्रताप यादव ने जनता दरबार लगाने की जानकारी खुद एक्स पर पोस्ट करके दी है. उन्होंने अपने X पर पोस्ट में लिखा बिहार के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वो एक नया कदम उठा रहे हैं, वो सभी को “जनता के दरबार” में आमंत्रित करते हैं. यह दरबार सभी की आवाज को बुलंद करने और लोगों के मुद्दों का त्वरित समाधान करने के लिए समर्पित होगा.

कितने समय का होगा तेजप्रताप का जनता दरबार

बिहार के लोगों की समस्याओं को सुनने और उसका त्वरित समाधान करने के लिए तेजप्रताप यादव 30 जून से अपने सरकारी आवास, 26 एम स्ट्रेंड रोड, पर “जनता दरबार” शुरू करने जा रहे हैं.

यह दरबार हर सोमवार शाम 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें वे आम जनता से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का निवारण करने का प्रयास करेंगे. यह पहल बिहार के लोगों की आवाज को मंच प्रदान करने और उनके साथ एक नया अध्याय रचने का संकल्प दिखा रहा है.

बिहार में जनता दरबार की परंपरा

बिहार में जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे तो उन्होंने अपने सरकारी आवास एक अणे मार्ग पर जनता दरबार लगाने का निर्णय लिया. हर सोमवार को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर जनता दरबार लगता था.

पूरे बिहार से लोग अपनी समस्या लेकर मुख्यमंत्री के पास आते थे. तत्कालीन उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी मंगलवार को अपने सरकारी आवास एक पोलो पर जनता का दरबार कार्यक्रम चलाते थे, जिसमें वह लोगों की समस्या सुना करते थे.

बीजेपी कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम

अभी भी जनता दल कार्यालय में सोमवार से शुक्रवार तक बिहार सरकार में जदयू के कोटे के मंत्री जन संवाद कार्यक्रम चलाते हैं, जिसमें लोग अपनी समस्या लेकर आते हैं.

वहीं बीजेपी कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम चलता है जिसमें बीजेपी कोटा के मंत्री लोगों की समस्या सुनते हैं. बिहार में जब महागठबंधन की सरकार थी तब आरजेडी कोटे के मंत्री राजद कार्यालय में लोगों की समस्या सुना करते थे.

क्या ये तेज प्रताप की राजनीतिक वापसी: वहीं वरिष्ठ पत्रकार कौशलेंद्र प्रियदर्शी का कहना है कि अनुष्का यादव प्रकरण के बाद तेजस्वी यादव परिवार और पार्टी में हासिये पर चले गए हैं. यही कारण है कि तेज प्रताप यादव सुर्खियों में बने रहने के लिए अभी सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं. तेज प्रताप के जनता दरबार को भी आप इस रूप में देख सकते हैं कि वह अपनी भविष्य की राजनीति को देखते हुए जनता के साथ जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.