BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों पर नया अपडेट, इन चार जिलों में ECI टीम की बैठक

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सरगरमी बढ़ने लगी है. तैयारी तेज करने के साथ चुनाव आयोग की टीम का लगातार दौरा भी शुरू हो गया है. चुनाव आयोग की 9 सदस्यीय टीम बिहार दौरे पर है, जो तीन दिनों तक अलग-अलग प्रमंडल में संबंधित जिले के डीएम और वरीय अधिकारियों के साथ बैठक करेगी.

इन जिलों में ईसीआई टीम की बैठक

चुनाव आयोग की टीम पटना, बेगूसराय मोतिहारी और पूर्णिया में चुनाव संबंधित प्रशिक्षण को लेकर बैठक करेगी. आज 9 सदस्यीय चुनाव आयोग की टीम ने वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल और अन्य अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 को लेकर बैठक की है. चुनाव आयोग की टीम का सभी प्रमंडलीय आयुक्त और डीएम के साथ भी आज बैठक होना है.

विधानसभा चुनाव में ट्रेनिंग कार्यक्रम

चुनाव आयोग की टीम में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतरु, उप सचिव अभिनव अग्रवाल, सचिव पवन दीवान और अन्य शामिल हैं. आयोग की टीम अलग-अलग प्रमंडल में बैठक करेगी. एक टीम बेगूसराय, मुंगेर और भागलपुर प्रमंडल के अधिकारियों के साथ बैठक करने वाली है.

चुनाव की तैयारियों पर जारी होगा दिशा निर्देश

वहीं दूसरी टीम मोतिहारी में तिरहुत और सारण प्रमंडल के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी. तीसरी टीम पूर्णिया, कोसी और दरभंगा प्रमंडल के अधिकारियों के साथ और चौथी टीम पटना में पटना और मगध प्रमंडल के जिलों के अधिकारियों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर चर्चा करेगी. चुनाव संबंधी तैयारियां को लेकर चुनाव आयोग की टीम रिपोर्ट भी लेगी और दिशा निर्देश भी देगी.

बिहार में चुनाव चिन्ह आवंटित

बता दें कि बिहार निर्वाचन आयोग ने बुधवार को सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर कई मुद्दों पर चर्चा की थी. चुनाव आयोग के तरफ से बिहार के आठ राजनीतिक दलों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिया गया है.

जिसमें उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को गैस सिलेंडर, प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को स्कूल बैग, मुकेश साहनी की पार्टी वीआईपी को नाविक और पाल सहित नाव चुनाव चिन्ह दिया गया है.

मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की तैयारी

चुनाव आयोग के तरफ से मतदाता सूची को अंतिम रूप देने का काम भी शुरू हो गया है. सूची में नाम जोड़ने और हटाने के लिए राजनीतिक दलों के साथ बैठक में चर्चा भी हुई है. 1 सितंबर को अंतिम रूप से मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा और उससे पहले विशेष पुनरीक्षण का काम शुरू हो गया है.

बिहार में कब होगा चुनाव?

हालांकि विशेष पुनरीक्षण के काम को लेकर विपक्षी दलों ने विरोध भी किया है, लेकिन चुनाव आयोग का कहना है कि जो भी त्रुटियां हैं उसे दूर करने की कोशिश हो रही है.

वहीं अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश भी है. इस बीच चुनाव आयोग की टीम का भी दौरा शुरू है. बिहार में अक्टूबर और नवंबर के बीच कभी भी चुनाव हो सकता है.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.