बिहार से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस हादसे का शिकार हो गई है. इसमें दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. यह दर्दनाक हादसा उत्तर प्रदेश के इटावा में हुआ है.

स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह बस आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे से नीचे आ गिरी. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए.

मरने वालों में एक महिला सईदा खातून नेपाल की रहने वाली हैं. वहीं दूसरे मृतक मनोज कुमार 55 दरभंगा (बिहार) के रहनेवाले हैं.

बताया जा रहा है कि जैसे ही यह बस आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 103 के पास पहुंची, अचानक एक्सप्रेसवे से नीचे आ गिरी. बस में करीब 80 लोगों के सवार होने की बातें कही जा रही हैं लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

इटावा के एसएसपी आकाश तोमर के अनुसार चालक मौके से फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में लग रहा है कि ड्राइवर को नींद आने के कारण बस बेकाबू हो गई और रेलिंग तोड़कर सड़क से नीचे जा गिरी. सभी घायल यात्रियों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा आज (गुरुवार) सुबह 7:43 बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की गति इतनी तेज थी कि वह अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे खाई में जा गिरी.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यूपीडीए और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.





Leave a Reply