BIHARPATNASTATE

आचार संहिता उल्लंघन मामले में पेश हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कहा—मुंगेर-भागलपुर को विकास का हब बनाएगी बिहार सरकार

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान दर्ज आचार संहिता उल्लंघन मामले में मुंगेर न्यायालय में पेश हुए। तारापुर थाना क्षेत्र में दर्ज कांड संख्या 35/14 को लेकर एसीजेएम प्रथम पंकज कुमार की अदालत में आरोप गठन की सुनवाई में उपमुख्यमंत्री ने स्वयं उपस्थित होकर न्यायिक प्रक्रिया में भाग लिया।

न्यायालय में सुनवाई के बाद सम्राट चौधरी सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि वे न्यायालय के सम्मान में उपस्थित हुए हैं और कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करेंगे।

मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने आचार संहिता प्रकरण से इतर सरकार की विकास योजनाओं का भी खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मुंगेर और भागलपुर को राज्य सरकार विशेष प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने घोषणा की कि मुंगेर हवाई अड्डे को केंद्र सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसका विकास कार्य शुरू होगा। इसके साथ ही, पटना की तर्ज पर मुंगेर से भागलपुर तक गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण कराया जाएगा, जिसकी सहमति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही दे चुके हैं।

उन्होंने कहा कि मुंगेर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत, जैसे सूर्योपासना और छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए नए छठ घाटों का निर्माण कराया जाएगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुल्तानगंज-अगुआनी पुल परियोजना को भी पुनर्जीवित किया गया है, जहां अब सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण कार्य पटना हाईकोर्ट के निर्देशानुसार तेज़ी से किया जा रहा है। रेलवे से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है।

श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों की सुविधा के लिए सुल्तानगंज से देवघर तक फोर लेन सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है, वहीं कच्ची कांवरिया पथ पर बालू बिछाकर अगले पांच वर्षों तक उसके अनुरक्षण की भी व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.