पटना: बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी अशोक चौधरी अब प्रोफेसर बन गए हैं. उन्होंने बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (बीएसयूएससी) की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2020 में पॉलिटिकल साइंस विषय में सफलता हासिल की है.

एससी कैटेगरी में उनका चयन हुआ है . इंटरव्यू समाप्त होने के बाद आयोग ने हाल ही में परिणाम जारी किया. उनकी बेटी और समस्तीपुर से एलजेपीआर सांसद शांभवी चौधरी ने इसकी पुष्टि की है.

2020 में निकली थी वैकेंसी
बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग ने 2020 में 52 विषयों में 4,638 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए भर्ती निकाली थी, जिसमें पॉलिटिकल साइंस के 280 पद शामिल थे. 275 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था. उसमें से मंत्री अशोक चौधरी भी एक हैं. असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के बाद मंत्री अशोक चौधरी पॉलिटिकल साइंस छात्रों को पढ़ाएंगे.

57 साल उम्र है अशोक चौधरी की
मंत्री अशोक चौधरी का जन्म 25 फरवरी 1968 को शेखपुरा जिले के बरबीघा में हुआ था. कांग्रेस से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और 2000 में बरबीघा से विधायक बने.

2013 में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रहे लेकिन कांग्रेस से दूरी के बाद 2018 में जेडीयू में शामिल हो गए. नीतीश कुमार ने अशोक चौधरी को बिहार विधान परिषद का सदस्य बनाया. शिक्षा विभाग और भवन निर्माण विभाग में भी मंत्री रहे हैं. फिलहाल नीतीश कुमार के चेहेते बने हुए हैं और ग्रामीण कार्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

परिवार राजनीति में लंबे समय से सक्रिय
अशोक चौधरी का परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है. उनके पिता स्वर्गीय महावीर चौधरी कांग्रेस में रहे. विधायक और मंत्री भी बने.

अब अशोक चौधरी की बेटी शांभवी चौधरी भी समस्तीपुर से चिराग पासवान की पार्टी की सांसद हैं. शांभवी चौधरी ने ही पिता अशोक चौधरी के चयन को लेकर पुष्टि की है.

नीतीश के चहेते हैं चौधरी
अशोक चौधरी नीतीश कुमार के सबसे नजदीकी लोगों में से एक जाने जाते हैं लेकिन कई तरह के विवादों में भी चर्चा में बने रहे हैं. चाहे ललन सिंह के साथ विवाद हो, या हाल के दिनों में प्रशांत किशोर के साथ विवाद. प्रशांत ने उन पर पैसे लेकर बेटी के लिए टिकट खरीदने का आरोप लगाया था.

जिसके बाद अशोक चौधरी ने कोर्ट में परिवाद भी दायर किया है. वहीं, उनके दामाद सायन कुणाल के बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य बनने पर तेजस्वी यादव ने परिवारवाद को बढ़ावा देने और दामाद आयोग बनाने की मांग कर तंज कसा है.



Leave a Reply