BIHARPATNASTATE

राजद-कांग्रेस की करतूतें बिहार विरोधी, अम्बेडकर को अपने पैरों में रखते हैं… सिवान में पीएम मोदी ने लालू पर किया हमला, दलितों से बड़ी अपील

बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सिवान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजद-कांग्रेस की करतूतें बिहार विरोधी हैं. ये निवेश विरोधी हैं. जब भी ये लोग अपने मुंह से विकास की बात करते हैं, तो लोगों को दुकान, कारोबार, उधोग-धंधे सबमें ताले लटकते नजर आते हैं। इसलिए ये बिहार के नौजवानों के दिल में कभी भी जगह नहीं बना पाए। उन्होंने कहा कि हम कहते हैं सबका साथ-सबका विकास और लालटेन वाले केवल अपने परिवार के विकास का काम करते हैं.

लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद वालों ने बाबा साहेब अम्बेडकर का कैसा अपमान किया यह पूरे देश ने देखा. उनका इशारा लालू यादव के जन्मदिन पर अम्बेडकर की तस्वीर को उनके पैरों में रखने पर था. उन्होंने कहा राजद-कांग्रेस वाले अम्बेडकर को अपने पैरों में रखते हैं लेकिन मोदी उन्हें अपने दिल में रखता है. उन्होंने कहा कि लालू यादव से माफ़ी मांगने वाले पोस्टर भी लगे लेकिन ये लोग माफ़ी नहीं मानेंगे. ऐसे में दलितों सहित पूरे बिहार के लोगों से उन्होंने अपील की कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास को आगे बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित भारत का इंजन बनाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि मैं बिहार वासियों को विश्वास दिलाने आया हूं कि हमने भले बहुत कुछ किया हो, करते रहे हैं, करते रहेंगे। लेकिन इतने से शांत होकर रहने वाला मोदी नहीं है। मुझे तो अभी बिहार के लिए और भी बहुत कुछ करना है। उन्होंने कहा कि देश में 4 करोड़ लोगों को पक्का घर मिला है जबकि अकेले 57 लाख लोगों को बिहार में पक्के घर का लाभ मिला है.

राजद और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाया.इनके कारण गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गया. लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार अब विकास कर रहा है. उसके बाद भी बिहार के लिए अभी बहुत कुछ करना है और वे इस दिशा में काम करेंगे.

उन्होंने कहा कि सिवान की ये धरती हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक स्थली है। ये हमारे लोकतंत्र को, देश को, संविधान को ताकत देने वाली भूमि है। उन्होंने कहा कि आज इस मंच से हजारों, करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।

विकास की ये सारी परियोजनाएं बिहार को उज्ज्वल भविष्य की तरफ ले जाएगी, समृद्ध बिहार बनाएंगी। लालू-राबड़ी शासनकाल को जंगलराज करार देते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग एक बार फिर से बिहार के संसाधनों पर कब्जा करने का सपना देखा है. ऐसे में इनसे सावधान रहने की जरूरत है. बिहार की समृद्धि में इन्हें बाधक नहीं बनने देना है.

उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि मैं कल ही विदेश से लौटा हूं। इस दौरे में मेरी दुनिया के बड़े-बड़े समृद्ध देशों के नेताओं से बात हुई। सारे नेता, भारत की तेज प्रगति से बहुत प्रभावित हैं। वो भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं। और इसमें बिहार की निश्चित तौर पर बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। बिहार समृद्ध होगा और देश की समृद्धि में भी बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि मेरे इस विश्वास का कारण बिहार के आप सभी लोगों का सामर्थ्य है। आपने मिलकर बिहार से जंगलराज का सफाया किया है। यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी।

उन्होंने कहा कि मेरे बिहारी भाई-बहन कठिन से कठिन परिस्थिति में काम करके दिखा देते हैं। वो कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करते। लेकिन, पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को बहुत ठेस पहुंचाई है।

इन लोगों ने ऐसी लूट-खसोट मचाई की गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई। 13:37 20-06-2025अनेक चुनौतियों को पार करते हुए नीतीश जी के नेतृत्व में NDA सरकार बिहार को विकास की पटरी पर वापस लाई है।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बिहार में करीब 55 हजार किमी ग्रामीण सड़कें बनी हैं। 1.5 करोड़ से अधिक घरों को बिजली के कनेक्शन से जोड़ा गया है। 1.5 करोड़ घरों को पानी का कनेक्शन दिया गया है। 45 हजार से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर बनाए गए हैं। बिहार की प्रगति के लिए हमें ये गति लगातार बढ़ाते रहना है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.