BIHARPATNASTATE

‘जमाई और मेहरारू कोटा’ के चक्कर में गिर गया JDU का मजबूत विकेट, गंभीर आरोप लगाकर इस नेता ने दिया इस्तीफा

पटना: चुनावी साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार बोर्ड-निगम और आयोगों का गठन कर रहे हैं. जहां एक तरफ बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ता खुश है तो वहीं दूसरी तरफ नाराजगी भी देखने को मिल रही है.

जेडीयू के पटना सिटी विधानसभा प्रभारी नवीश कुमार नवेन्दुने बोर्ड-आयोग में जगह नहीं मिलने से नाराज होकर सभी इस्तीफा दे दिया है.

नवीश कुमार नवेन्दु का इस्तीफा

नवीश कुमार नवेंदु जेडीयू के पटना सिटी विधानसभा के प्रभारी के साथ-साथ एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रवक्ता भी हैं. आयोग-बोर्ड में जगह नहीं मिलने से नाराज होकर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने इस्तीफे की जानकारी दी है.

नवीश ने लगाएं गंभीर आरोप

सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में नवीश कुमार नवेंदु ने कहा कि वह जनता दल यूनाइटेड के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं. पिछले 13 वर्षों से पार्टी के लिए, आंधी-बारिश में भी पार्टी के कार्यों को पूरी निष्ठा से करते आए हैं लेकिन आयोग बोर्ड निगम में आरएसएस कोटा, दामाद कोटा, विकास मित्र कोटा और माननीय मंत्री जी के कोटे के साथ-साथ पत्नी कोटा से अधयक्ष एवं सदस्य बनाये गए हैं.

इसलिए मैं पूरी जिम्मेवारी के साथ आज से जनता दल यूनाइटेड के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता एवं पटना साहिब विधानसभा प्रभारी (१८४) के पद सहित पार्टी के प्राथमिक सदस्य से त्यागपत्र देता हूं.

संजय गांधी ने की बात

हालांकि नवीश कुमार नवेन्दु ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को चार लाइन का अपना इस्तीफा पत्र सौंपा है. उनके इस्तीफे के बाद पार्टी नेताओं में हड़कंप मच गया है. नीतीश कुमार के खास और जेडीयू एमएलसी संजय गांधी ने नवीश कुमार नवेंदु से बात की और आश्वासन भी दिया है लेकिन वह नहीं माने.

जेडीयू नेताओं-कार्यकर्ताओं में बढ़ेगी नाराजगी

वैसे अभी भी कई बोर्ड, आयोग और निगम का गठन होना बाकी है. जो नेता और कार्यकर्ता नाराज हैं, उनको एडजस्ट करने की अभी भी कोशिश हो रही है.

जेडीयू के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार उनको जरूर जगह देंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.