BIHARPATNASTATE

मुजफ्फरपुर में जिंदा जली मां-बेटी, चलते CNG ऑटो में आग लगने से दर्दनाक हादसा

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के गायघाट इलाके में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. एक चलती सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई, जिसके कारण मां और बेटी की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई.

इस भयावह घटना में चार से पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों को तुरंत श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

मुजफ्फरपुर में मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही ऑटो में सवार लोग चीखने-चिल्लाने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों को ऑटो का पास पहुंचना मुश्किल हो गया. हालांकि कुछ लोगों ने जोखिम उठाकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया.

कैसे लगी ऑटो में आग

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में सीएनजी लीकेज को संभावित वजह माना जा रहा है.

पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और ऑटो के मालिक व चालक से पूछताछ की जा रही है. स्थानीय लोग इस घटना से सदमे में हैं और प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.

क्या कहती है पुलिस?

घटना की सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. गायघाट थाना के एसआई नजरिम अहमद ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि एक ऑटो में आग लग गई है.

मौके पर पहुंचने पर छह से सात लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए मिले, जबकि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.