गोपालगंज: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत लगातार अलग-अलग जिलों और प्रखंडों में लोगों से संवाद कर रहे हैं.

इसी कड़ी में उन्होंने गोपालगंज के बैकुंठपुर और मांझा प्रखंड में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित किया. इस दौरान पीके ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत को लेकर भविष्यवाणी करते हुए तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला किया.

‘नीतीश कुमार का लड़का राजनीति में नहीं..’
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लपेटते हुए कहा कि तेजस्वी यादव जैसे लोग चाहते हैं कि अगर नीतीश कुमार का लड़का राजनीति में आ जाए तो हमको यह कहने को हो जाएगा कि सभी के बच्चे हैं. हमाम में सब नंगे हैं और यही कारण है कि नीतीश कुमार का लड़का राजनीति में नहीं आ सकता है.

निशांत के राजनीति में आने की अटकलें
बता दें कि बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार के बेटे निशांत के राजनीति में आने को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं.

इस बीच अब जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान देकर राजनीति में गरमाहट ला दी है.

परिवारवाद को लेकर बयान
साथ ही उन्होंने कहा कि मैं जहां तक समझता हूं नीतीश कुमार का लड़का राजनीति में नहीं आ रहा है. अभी तक नहीं आ रहा है और आगे भी नहीं आएगा.

लेकिन यह अफवाह तेजस्वी यादव जैसे लोग इसलिए उड़ाते हैं ताकि यह कहने को हो जाए कि हम अकेले नहीं हैं. बिहार में सारे लोग परिवारवाद कर रहे हैं.






Leave a Reply