BIHARMUZAFFARPURSTATE

बिहार में फिल्मी स्टाइल में लूट, पहले खुजली का स्प्रे छिड़का फिर 8 लाख लूटकर फरार

गया: बिहार के गया में एक बार फिर से स्प्रे गिरोह सक्रिय हो गया है. अपराधियों ने बेलागंज थाना क्षेत्र में खुजली का स्प्रे डालकर एक महिला से 2 लाख कैश और 6 लाख से अधिक के आभूषण छीन लिए हैं. इस दौरान अपराधियों ने पीड़ित महिला को धक्का भी दिया, जिससे उसके चेहरे में जख्म हो गया है.

जेवरात और नकदी की लूट

मिली जानकारी के अनुसार बिठरौरा गांव निवासी अमोद कुमार किसी काम को लेकर घर के जेवरात अपने साथ लिए थे.

जेवरात की कीमत करीब 6 लाख रुपए थी. साथ ही उन्होंने बैंक से 2 लाख रुपए नकद की निकासी की थी. जेवरात और कैश उनकी पत्नी रूपा सिंह के पर्स में रखे थे.

अपराधियों ने छिड़का खुजली स्प्रे

बैंक से पैसे निकालने के बाद दोनों पति-पत्नी बाइक से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बेलागंज के टिकारी मोड़ पर बाइक सवार युवकों ने खुजली का स्प्रे छिड़क दिया, जिसे दंपति ने गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन अमोद कुमार की पत्नी रूपा सिंह को हल्की खुजली महसूस हुई.

घात लगाकर बैठे थे अपराधी

इसी क्रम में टिकारी मोड़ के पास पेट्रोल पंप पर अमोद कुमार डीजल लेने के लिए रुके. रूपा सिंह को खुजली इतनी तेज हुई कि वो सड़क की ओर आ गई. इसी बीच ताक लगाकर बैठे अपराधियों ने रूपा सिंह से जेवरात और नकदी से भरा पर्स छीन लिया.

जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में बेलागंज थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, लेकिन अपराधी भागने में सफल रहे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगामी कार्रवाई कर रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.