पटना: बिहार में मानसून ने 17 जुलाई को दस्तक दे दी है. कई जिलों में झमाझम बारिश शुरू हो गयी है. शेखपुरा में सुबह से ही आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान केन्द्र पटना ने कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है.

शेखपुरा में आज तेज हवाओं का सिलसिला जारी
मौसम विज्ञान केन्द्र पटना के अनुसार शेखपुरा में आज तेज हवाएं चलेंगी. साथ ही आसमान से जमकर तेज बारिश होगी. वहीं, बात अगर नालंदा की करें तो वहां पर बदरा छाए रहेंगे, जिससे बारिश होने की संभावना है.

जमुई और बेगूसराय में छाए बादल
मोक्षनगरी गया में सुबह से बादल छाए हुए हैं, जिससे बारिश के आसार हैं. इसी बीच लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिलेगी. जमुई और बेगूसराय में भी आसमान में बादल छाए हैं. जमुई में मंगलवार की शाम और बुधवार की सुबह में हल्की बारिश हुई.

सूर्यदेव के नहीं हुए दर्शन
जमुई में बारिश के साथ-साथ ठंडी हवा से सिहरन बढ़ गयी है. आलम ये है कि लोगों को सुबह से भगवान सूर्य के दर्शन नहीं हुए हैं. मंगलवार की शाम, रात और आज सुबह रूक-रूककर बारिश हो रही है.

मौसम देखकर बाहर निकलें लोग
बता दें कि मौसम विभाग ने पूर्वी बिहार के साथ-साथ कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और ज्यादा बारिश होगी.

साथ ही मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम देखकर बाहर निकलने की अपील की है.

ठनका गिरने से 12 लोगों की मौत
मानसून ने आते ही कहर बरपाना शुरू कर दिया है. भारी बारिश होने के कारण व्रजपात होने से राज्य में 12 लोगों की मौत हो गई है.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 12 लोगों की मौत पर दुख जताया है और 4-4 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है.





Leave a Reply