BIHARSTATE

अब हर जिले में राजस्व विभाग के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा, भूमि सर्वे के कार्यों में लगे अधिकारियों को मिला यह निर्देश

राज्य में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की गहन समीक्षा आज राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने की। बैठक में निदेशालय स्तर से लेकर जिलास्तर तक सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली, उसकी गति और तकनीकी सुधारों की विस्तार से समीक्षा की गई।

इस अवसर पर भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय की निदेशक जे. प्रियदर्शिनी भी उपस्थित रहीं। सचिव ने कहा कि वर्तमान में मंत्री संजय सरावगी द्वारा जिलों में जाकर राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। इस क्रम में उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी जिलावार समीक्षा में सर्वे के कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।

बैठक में सचिव ने पहले चरण और दूसरे चरण के जिलों की जिलावार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी जिला बंदोबस्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले सप्ताह से सभी जिले में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की जाय और इसका रिपोर्ट मुख्यालय को भी उपलब्ध कराएं।

सर्वेक्षण के सभी काम ऑनलाइन किया जाय। प्रथम चरण के जिलों में प्राप्त 4,05,752 आपत्ति/दावों में 3,77,199 का निष्पादन किया गया है। शेष के निष्पादन में भी तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि अब तक प्राप्त कुल 1,94,43,072 स्वघोषणा को यथाशीघ्र अपलोड कराएं। वहीं दूसरे चरण में चल रहे सर्वेक्षण के जिलों के अधिकारियों को किस्तवार, खानापुरी एवं त्रि–सीमाना के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

सचिव ने कहा कि सर्वेक्षण को अधिक पारदर्शी, तेज़ और डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए राज्य के सभी प्रमंडलों में 28 फरवरी 2025 से स्वतंत्र सर्वर की स्थापना की जा चुकी है। इससे वंशावली समेत अन्य दस्तावेज़ों की अपलोडिंग की प्रक्रिया सरल हुई है।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए और आम जनता की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाए। निदेशक जे प्रियदर्शिनी ने प्रतिदिन दो जिलों में सर्वेक्षण कार्यों की समीक्षा की बात कही।

उन्होंने कहा कि इसके लिए टीम का गठन किया गया है। इससे प्रतिदिन की समस्या या उपलब्धि से मुख्यालय अवगत रहेगा और कार्य की गति में सकारात्मक बदलाव संभव होगा।

समीक्षा के दौरान मोना झा, मोहम्मद नवाजिश अख्तर, शैलेश कुमार श्रीवास्तव, श्रीमती पल्लवी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.