मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से लूट की घटना सामने आयी है. रविवार की शाम ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के राहुल नगर में बदमाशों ने एक वकील के घर पर धावा बोलते हुए उनकी नाबालिग बेटी को बंधक बना लिया और 8.5 लाख की लूट को अंजाम दिया.

हथियारों से लैस बदमाशों ने न सिर्फ परिवार को दहशत में डाला, बल्कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल दी.

मुजफ्फरपुर में लूट
बताया जाता है कि शाम करीब छह बजे दो हथियारबंद बदमाश अधिवक्ता दीनदयाल राउत के घर में घुस गए और उनकी नाबालिग बेटी आकांक्षा को बंधक बनाकर मारपीट की.

इसके बाद बदमाशों ने करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद और चार लाख रुपये के जेवरात लूट कर फरार हो गए.

अधिवक्ता की बेटी को बनाया बंधक
बताया जा रहा है कि घटना के समय अधिवक्ता दीनदयाल राउत अपनी पत्नी नीतू देवी के साथ आदर्श ग्राम स्थित अपने निर्माणाधीन मकान पर गए हुए थे.

घर में उनकी छोटी बेटी आकांक्षा अकेली थी. बदमाशों ने चाकू की नोक पर आकांक्षा को धमकाया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया. इस दौरान कुत्तों के भौंकने से परेशान बदमाशों ने उन्हें कुछ खिला दिया जिससे वे बेसुध हो गए.

बेटी की शादी के लिए रखे थे गहने
डकैतों ने घर में रखी अलमारी की चाबी लेकर सारा कीमती सामान निकाल लिया. बेटी की शादी के लिए रखे गहने भी लूट लिए गए. लूटपाट के बाद बदमाश आराम से फरार हो गए. कुछ देर बाद जब लड़की ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला.

सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है.

लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.




Leave a Reply