बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार, 15 जून को चेनारी विधानसभा क्षेत्र के शिवसागर प्रखंड मुख्यालय पहुंचेंगे। वे यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और इसके बाद आयोजित रविदास सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

इस कार्यक्रम को लेकर चेनारी के विधायक व पूर्व मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम ने कहा कि इसका उद्देश्य बाबा साहब अंबेडकर व भारतीय संविधान के प्रति भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विचारों को आम लोगों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा, ‘विपक्ष बार-बार भाजपा पर संविधान व आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगाता है, जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा ने सदैव बाबा साहेब का सम्मान किया है, और कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया।

‘बाबा साहब को नहीं दिया भारत रत्न’
विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहब को उनके जीवित रहते और बाद में भी अपमानित किया। उन्होंने कहा, ‘जब अंबेडकर जी का पार्थिव शरीर गांव भेजा गया, तब कांग्रेस ने उनकी पत्नी से विमान का किराया मांगा था। भारत रत्न भी उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी के सहयोग से 1990 में दिया गया, न कि कांग्रेस द्वारा। ‘

मोदी सरकार में पंच तीर्थ का निर्माण
मुरारी गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब के जन्मस्थल अंबेडकर नगर, मध्य प्रदेश में पंच तीर्थ की स्थापना कर उनके विचारों को सम्मान दिया है।

भाजपा ने हमेशा दलितों और वंचितों के हित में कार्य किया है, जबकि कांग्रेस ने इन्हें केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है।

विधायक ने दावा किया कि इस कार्यक्रम में दलित समाज बड़ी संख्या में भाग लेकर विपक्ष को जवाब देगा। उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने हमेशा संविधान और दलित समाज का सम्मान किया है, और यही संदेश हम 15 जून को पूरे प्रदेश में देना चाहते हैं। ‘






Leave a Reply