BIHARPATNASTATE

बिहार में पति-पत्नी गिरफ्तार, पांच युवतियों को पुलिस ने छुड़ाया, होटलों में भेजते थे लड़कियां

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा किया है. यहां एक दंपती सेक्स रैकेट चलाते थे. पुलिस ने छापेमारी कर चार लड़कियों को छुड़ाया. स्टेशन पर ऑटो चालक लड़कियों को फंसा कर लाते थे. इस मामले में पुलिस ने शहर के दो होटल के मैनेजर एक महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

मुजफ्फरपुर में रैकेट का खुलासा

नगर डीएसपी वन सीमा देवी ने बताया कि इस सेक्स रैकेट का खुलासा तब हुआ जब एक युवती ने फंसने के बाद फोन कर पुलिस को लोकेशन भेजा. इस मकान तक अकेली युवतियों, जो किसी कारणवश स्टेशन और बस अड्डों पर होती थीं, उन्हें ऑटो ड्राइवर बहला-फुसलाकर पहुंचाता था.

होटल में छापेमारी कर किया गिरफ्तार

नगर डीएसपी वन सीमा देवी के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में होटल के अलग-अलग कमरों से संदिग्धों को पकड़ा गया. पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्रियों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण सबूत भी बरामद किए हैं.

पुलिस ने इनके पास से एक इको स्पोर्ट्स कार और एक ऑटो जिसका इस्तेमाल लड़कियों को होटल आने जाने के लिए किया जाता था. साथ ही पांच मोबाइल और होटल का डीवीआर भी जब्त किया गया है.

ये लोग गिरफ्तार

पकड़े गए लोगों की पहचान सिकंदरपुर थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मण पासवान, सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के मानिक चौक निवासी अंकित कुमार, मोतीपुर वार्ड एक निवासी पवन कुमार मंगेरिया, ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के जुरन छपरा वासी दिलीप कुमार कुशवाहा और उसकी पत्नी शामिल हैं.

इनमें से दिलीप कुमार कुशवाहा एक राजनीतिक दल से भी जुड़ा हुआ है.वहीं लक्ष्मण पासवान ऑटो चलाता है. लक्ष्मण ही जंक्शन और बस स्टेशन से भोली भाली लड़कियों और महिलाओं को फंसा कर कल्याणी चौक पर लाता था, जहां दिलीप कुमार कुशवाहा और उसकी पत्नी जबरन उनसे देह व्यापार कराते थे.

पति से झगड़ा कर आयी थी मुजफ्फरपुर स्टेशन

नगर डीएसपी वन सीमा देवी ने बताया कि सकरा थाना क्षेत्र की एक महिला जो पति से लड़कर घर से निकली थी और दिल्ली जाने के लिए मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंची थी. ट्रेन छूटने के बाद ऑटो का इंतजार कर रही थी.

तभी आरोपी लक्ष्मण पासवान ने उसे झांसे में लेकर छोटी कल्याणी चौक के एक होटल में पहुंच गया और कमरे में बंद कर जबरन देह व्यापार में धकेलने का प्रयास किया.

थानेदार को कॉल कर मदद मांगी

डीएसपी ने बताया कि महिला ने साहस दिखाते हुए नगर थानेदार को कॉल कर मदद मांगी और लोकेशन साझा की. इसके बाद नगर डीएसपी सीमा देवी के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर महिला को मुक्त कराया और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया.

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और जब्त मोबाइल और डीवीआर से फुटेज के आधार पर रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.