BIHARPATNASTATE

मध्य प्रदेश के दूल्हे ने बिहार में आकर रचाई शादी, टॉयलेट के बहाने पैसे लेकर दुल्हन भागी

सासाराम: राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी का मामला अभी ठंडा भी नही पड़ा था कि बिहार के रोहतास में एक लुटेरी दुल्हन का कारनामा सामने आया है.

जहां फर्जी दुल्हन ने पहले मध्य प्रदेश के दूल्हे के साथ शादी रचाई और उसके बाद ढाई लाख लेकर फरार हो गई. टॉयलेट का बहाना बनाकर वह चुपके से निकल गई. अब दूल्हे ने पुलिस से गुहार लगाई है.

शादी के नाम पर दूल्हे के साथ फर्जीवाड़ा

दरअसल, मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस के रहने वाले मोनू राज शिवहरे एक दलाल के माध्यम से ढाई लाख रुपये देकर रोहतास जिले के तिलौथू की काजल कुमारी से शादी रचाने पहुंचा था.

सासाराम के धर्मशाला मोड़ स्थित एक धर्मशाला के कमरे में ही मोनू और काजल की शादी हो गई. शादी के कुछ ही देर बाद टॉयलेट के बहाने नई नवेली दुल्हन फरार हो गई. वहीं धीरे-धीरे लड़की के तमाम रिश्तेदार भी गायब हो गए.

कैसे तय हुई थी शादी?

मोनू राज शिवहरे ने बताया कि मध्य प्रदेश में लड़कियों की कमी है. एक महीने पहले गांव में एक दलाल से मेरी मुलाकात हुई तो उसने शादी करवाने का वादा किया. इसके लिए लड़की वालों को ढाई लाख रुपये देने की शर्त रखी.

उसकी बातों में आकर शादी करने को तैयार हो गया. अभी 5 दिन पहले ही मैं भाई के साथ-सासाराम आया था. जहां बिक्रमगंज के होटल में पिंकी देवी ने लड़की को दिखलाया. लड़की पसंद आने पर शादी की बात तय हो गई लेकिन शादी के बाद वह फरार हो गई.

पीड़ित दूल्हा मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस का रहने वाला है. मोनू राम शिवहरे के भाई संजय शिवहरे ने बताया कि सासाराम आने के बाद हमें लड़की दिखाई गई थी. लड़की पसंद आने के बाद मैंने अपनी बहन को फोन किया.

उसे जब बताया कि लड़की हमें पसंद आई है और शादी के लिए ढाई लाख की डिमांड की है तो दीदी ने शादी के लिए मना कर दिया लेकिन दलाल के चक्कर में पड़कर हमने पैसे दे दिए. शादी के बाद हमारे साथ धोखाधड़ी हुई है. हमलोगों ने थाने में शिकायत की है.

फर्जी दुल्हन की फर्जी चाची गिरफ्तार

वहीं ठगी का शिकार होने के दूल्हा मोनू राज थाना पहुंचा और पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई. इस स्टोरी को सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई. नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में सासाराम के तकिया मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही पिंकी देवी की भूमिका महत्वपूर्ण है.

उसने ही धर्मशाला के एक कमरे में शादी कराने के लिए ढाई लाख रुपए कैश लिया और फर्जी शादी कराई. इस शादी में न केवल दुल्हन फर्जी है, बल्कि बहन, चाचा और मामी भी फर्जी रिश्तेदार हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.