रोहतास : बिहार में इन दिनों घूसखोर अफसर व कर्मी लगातार विजिलेंस के रडार पर हैं. निगरानी की टीम एक-एक करके घूस लेने वालों को दबोच रही है.

इसी कड़ी में ताजा मामला सासाराम से है, जहां निगरानी की टीम रेल पुलिस के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) को 5000 रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया. निगरानी की कार्रवाई से हड़कंप मच गया.

सासाराम GRP का ASI गिरफ्तार
दअरसल सासाराम रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में पदस्थापित एएसआई विजय सिंह को पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है. विजय सिंह एक महिला से पांच हजार रुपए ले रहा था. तभी जाल बिछाए निगरानी के अधिकारियों ने उसे दबोच लिया.

केस मैनेज करने के नाम पर घूस की डिमांड
बताया जाता है कि विजय सिंह ने पीड़ित महिला से केस में मदद करने के एवज में 5 हजार की डिमांड की थी. पटना जिला पुलिस बल में तैनात एएसआई बसंती कुमारी के पति का एक छिनतई के मामले में नाम आया था. इस मामले में थाना से ही जमानत देने के लिए बसंती कुमारी से रिश्वत मांगी गयी थी.

निगरानी में की गई शिकायत
ASI बसंती कुमारी ने पहले ही 10 हजार रुपए विजय को दे चुकी थी. पांच हजार रुपये की और डिमांड की गई थी. जिसके बाद बसंती कुमारी ने सारे मामले की निगरानी से शिकायत की. इसी शिकायत पर निगरानी आज सासाराम पहुंची.

एक ASI दूसरे ASI से ले रहा था घूस
ऐसे में आज जब बसंती कुमारी 5 हजार रुपए और दे रही थी. उसी समय निगरानी की टीम ने विजय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया.

बड़ी बात यह है कि अपने ही पुलिस विभाग की एक महिला पुलिस अधिकारी से सब इंस्पेक्टर विजय सिंह पैसा ले रहा था. पकड़ा गया एसआई विजय कुमार सिंह छपरा जिला का रहने वाला है.

मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की वरीय डीएसपी कुमारी किरण पासवान ने बताया कि जीआरपी के सब इंस्पेक्टर रेल थाना कांड संख्या 10/2025 में अनुसंधानकर्ता थे और केस में मदद के नाम पर बसंती देवी से रिश्वत की मांग कर रहे थे.

फिलहाल निगरानी टीम गिरफ्तार एसआई को पटना ले जा रही है, जहां निगरानी के स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा.



Leave a Reply