नई दिल्ली. कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) को उनकी जबरदस्त अंग्रेजी (English) के लिए दुनियाभर में जाना जाता है. वह जो भी बोलते और लिखते हैं, उसमें अंग्रेजी के ऐसे शब्द होते हैं, जो शायद ही पहले किसी ने सुने और पढ़े होते हैं. लेकिन अब एक ऐसा मोबाइल ऐप भी आ गया है, जो शशि थरूर (Tharoor English) के जैसी अंग्रेजी सिखाने का दावा कर रहा है. उसने अपने विज्ञापन में शशि थरूर के नाम और उनकी फोटो का भी इस्तेमाल किया है. अब इसे लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नाराजगी व्यक्त की है और कहा है कि वह इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे.
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपने ट्विटर अकाउंट पर मंगलवार को एक स्क्रीनशॉट शेयर किया. इसमें दिख रहा है कि ब्लैकबोर्ड रेडियो (बीबीआर) नामक एक ऐप विज्ञापन देकर दावा कर रहा है कि वह शशि थरूर के जैसी अंग्रेजी बोलना, लिखना और पढ़ना सिखाएगा. इसमें शशि थरूर की फोटो भी लगी है.
इसे लेकर शशि थरूर ने लिखा, ‘यह उन कई बेखबर छात्रों द्वारा मेरे ध्यान में लाया गया है जो इस ऐप के जरिये गुमराह किए गए थे. मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरा इस ऐप से कोई संबंध नहीं है और मेरे द्वारा किसी भी तरह से इसका समर्थन नहीं किया गया है. मैं कमर्शियल इस्तेमाल के लिए अपने नाम और छवि के दुरुपयोग को रोकने के लिए कानूनी कार्रवाई करूंगा.’









Leave a Reply