खगड़िया में बुधवार की दोपहर कटिहार- बरौनी रेलखंड पर अप लाइन ट्रैक पर इलेक्ट्रिक तार टूटकर लटक गया। इससे करीब डेढ़ घंटे परिचालन बाधित रहा। तार टूटने का कारण पशुपालकों द्वारा चलती ट्रेन से चारा का बंडल फेंकना बताया गया है। आरपीएफ की टीम ने दो पशुपालकों को गिरफ्तार किया है। घटना की सूचना पर पहुंचे रेल कर्मियों ने लटके हुए तार को दुरुस्त कर दिया। इसके बाद ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया।
इस दौरान घटनास्थल पर एक मेमू स्पेशल ट्रेन के अलावा मानसी, महेशखूंट और पसराहा स्टेशन पर कई यात्री और मालगाड़ी रुकी रही। बताते चलें कि मानसी और खगड़िया जंक्शन के बीच एकनिया ढ़ाला स्थित पोल संख्या 116/7 के पास अप ट्रैक पर अचानक तार लटक गया।

पुलिस की गिरफ्त में पशुपालक।
इस दौरान सहरसा से समस्तीपुर जा रही ट्रेन संख्या 05275 मेमू स्पेशल ट्रेन 11 बजकर 26 मिनट पर मानसी जंक्शन से खुली तो उक्त पोल संख्या के पास पहुंचते ही ट्रेन का इंजन हैंग होने लगा। ट्रेन के चालक के अनुसार ओएचई तार हैंग करने लगा और तार लटक गया। जिसके बाद आनन फानन में ट्रेन को रोककर इसकी जानकारी मानसी के स्टेशन मास्टर को दी गई।
ट्रेन रूकी रहने से यात्री होते रहे परेशान
इधर अप रेलवे ट्रैक पर मेमू स्पेशल ट्रेन रूकी रहने से उसपर सवार यात्री परेशान होते रहे। यात्री पानी के लिए इधर उधर भटकने लगे। वहीं दूसरी तरफ विभिन्न स्टेशनों पर कई ट्रेनें रुकी रही।
चलती ट्रेन से मवेशी का चारा गिराने से हुआ ब्रेकडाउन, 2 गिरफ्तार
इलेक्ट्रिक तार टूटकर लटकने का मुख्य कारण पशुपालकों के द्वारा मवेशी का चारा चलती ट्रेन से फेंकना बताया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पशुपालकों के द्वारा चारा का बंडल फेंकने पर बंडल पोल से टकरा गया। इससे तार का ब्रेक डाउन हो गया। मामले में मानसी के आरपीएफ टीम ने दो पशुपालकों को गिरफ्तार किया है।



Leave a Reply