Breaking News

भाई की हत्या कर..खुद अज्ञात पर दर्ज कराई FIR:नालंदा पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

नालंदा में व्यवसायी की हत्या का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे में कर लिया। हत्या मृतक के भाई ने ही संपत्ति के विवाद में किया था। मर्डर के बाद आरोपी खुद पुलिस के पास पहुंचा और अज्ञात के खिलाफ भाई की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। घटना सोमवार की अहले सुबह दीपनगर थाना क्षेत्र के मेंहनौर गांव में हुई। मंगलवार की शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

नालंदा एसपी अशोक मिश्रा ने मंगलवार को एसडीपीओ कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर इसकी जानकारी दी। एसपी ने बताया कि वादी मिथिलेश कुमार मृतक के भाई के द्वारा लिखित बयान के आधार पर अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध उनके बड़े भाई संतोष कुमार को अल सुबह फोन कर मुर्गी फार्म के पास बुलाकर गोली मार हत्या करने के आरोप में सोमवार को मामला दर्ज कराया गया था।

इस पूर्णता अज्ञात कांड के उद्भेदन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिसमें एसडीपीओ सदर, दीपनगर थाना एवं जिला असूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। तीव्र गति से अनुसंधान करते हुए घटना घटित होने के 24 घंटे के अंदर ही इसका सफल उद्भेदन कर लिया गया है एवं घटना में प्रयुक्त किए गए देसी पिस्टल एवं मोबाइल सेट को भी बरामद कर लिया गया है।

इस घटना को मिथिलेश कुमार ने ही अंजाम दिया था। उसने धोखे से अपने बड़े भाई को अल सुबह मोबाइल पर कॉल कर बुलाकर बरामद पिस्टल से अंधाधुन गोली चला कर हत्या कर दी। अनुसंधान में मिथिलेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ के क्रम में मिथिलेश ने बताया कि पूर्व के अदावत को लेकर उसने यह घटना को अंजाम दिया है। संपत्ति में बड़ा भाई उसे हिस्सा नहीं दे रहा था। इसलिए उसने अपने भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद बदमाश ने पिस्टल को घर के पीछे तालाब में फेंक दिया था। अभियुक्त की निशानदेही पर पिस्टल को बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस गहराई से साक्ष्य संकलन में जुटी हुई है।

दरअसल सोमवार की अह सुबह संतोष कुमार के मोबाइल पर फोन कर पोल्ट्री फार्म में बिजली गुल रहने की सूचना दी गई। इसके बाद संतोष अपने मोटरसाइकिल से घर से गांव के बाहर पॉल्ट्रीफॉर्म पहुंचा। जहां पूर्व से घात लगाए बदमाश ने गोली मार उसकी हत्या कर दी। छापेमारी में सदर डीएसपी डॉ शिब्ली नोमानी, दीपनगर के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार, लहेरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, डीआईयु प्रभारी आलोक कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रही।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.