विरासत बचाओ नमन यात्रा के तहत राष्ट्रीय लोक जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार की देर शाम गया के गेहलौर में एक सभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री की तारीफ करने के साथ साथ जदयू को राजद के हाथों गिरवी रखने की बात कही। वह अपने भाषण में बार बार 2005 से पहले वाली सरकार के बारे में लोगों को याद दिलाते रहे।
इसके अलावा उन्होंने कहा कहा कि हम बाबा दशरथ मांझी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करने आए थे। दशरथ मांझी ने इतना बड़ा काम किया है जो कल्पना से परे है। उन्होंने एक छेनी हथौड़ी उठाकर पहाड़ का सीना चीरने की शुरुआत की होगी तो लोगों ने सोचा नहीं होगा कि छेनी हथौड़ी के सहारे इतना बड़ा काम वह कर गुजरेंगे।
भारतरत्न उपाधि के लिए जो भी लोग लगे हैं उनको मेरी पार्टी समर्थन करेगी
बाबा दशरथ मांझी ने इतना बड़ा काम किया है इसके लिए उन्हें भारत रत्न उपाधि तो दी ही जानी चाहिए। भारत रत्न की उपाधि के लिए जो भी लोग लगे हुए हैं उन्हें मेरी पार्टी समर्थन करती है। अभी हमने कुछ दिन पहले ही अपना पार्टी बनाया है ।हमारी पार्टी का जो एजेंडा होगा। उसमें इस मसले को शामिल करेंगे और इस लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।
जब नीतीश कुमार रास्ते से भटकने लगे तो हमने सब कुछ कुर्बान कर साथ दिया
नीतीश कुमार जब रास्ता से भटकने लगे तो हम सब कुछ कुर्बान कर उनके साथ हो लिए। नीतीश जी 2020 के चुनाव में कमजोर पड़ गए थे और उसका परिणाम यह दिखा 2005 से पहले जिन लोगों का राज था उन लोगों ने इसका फायदा उठा लिया। और फिर से वही दिन आ गए।नीतीश कितना अच्छा काम कर रहे थे बिहार को उन्होंने 2005 वाले के हाथों से बाहर निकाला था और गरीब गुरबा के लिए भी बहुत अच्छा काम कर रहे थे ।
नीतीश ने पूरे पार्टी को राष्ट्रीय जनता दल के हाथों गिरवी रख दिया
नीतीश जी ने पूरे जीवन की राजनीतिक को दांव पर लगाकर 2005 के पहले वाले हाथों में गिरवी रख दिया लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे और हम आपसे यही कहने आए हैं।



Comment here