वैशाली में घर में सो रही बुजुर्ग महिला के घर को दबंगों ने जेसीबी से तोड़ डाला। विरोध करने पर महिला को दबंगों ने बंधक बना लिया। महिला के जेठ ने भी जब दबंगों को रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। दोनों के सामने घर को तोड़कर उसके सामान और ईंट- खिड़कियां सब ट्रैक्टर पर लाद कर अपने साथ ले गए।.
मामला महनार थाना क्षेत्र के लावापुर महनार पंचायत के वार्ड संख्या 12 का है। पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ रहा है। घटना के बाद पीड़िता ने महनार थाने और एसडीओ को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
2 जेसीबी से तोड़ डाला घर
घटना को लेकर स्वर्गीय शिवप्रसाद शर्मा की पत्नी उमा देवी ने पुलिस से लिखित शिकायत की है। उमा देवी ने बताया कि सोमवार की रात करीब 11.30 बजे जब वह अपने घर में सो रही थी, तभी एक दर्जनों की संख्या में लोग जेसीबी से उनके दो मंजिला घर को तोड़ने लगे। पीड़ित महिला ने बताया कि तेज आवाज सुनकर जब वह घर से बाहर निकली तो देखा कि उनका घर तोड़ा जा रहा है और सारा सामान ट्रैक्टर पर लादा जा रहा है।

घटना के बाद क्षतिग्रस्त घर का हिस्सा
विरोध करने पर बनाया बंधक
थाने में दिए गए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि जब वह घर तोड़ रहे लोगों का विरोध करने लगी तो लावापुर महनार निवासी जितेंद्र राय, पिता बैजू राय, लावापुर महनार निवासी लालबाबू शर्मा, पिता स्व. भगवान शर्मा, समस्तीपुर जिले के मोहनपुर घमंडी चौक निवासी संतोष कुमार साह और चार पांच अज्ञात लोगों ने उनके गर्दन पर हाथ लगा कर धकेल दिया और घर से पूरब ले जाकर बंधक बना दिया।

जेसीबी-ट्रैक्टर लेकर एक दर्जन की संख्या में पहुंचे थे आरोपी
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष
वहीं हल्ला सुनकर जब उनके भैंसुर कल्याणी प्रसाद शर्मा विरोध करने लगे तो जितेंद्र राय, पिता बैजू राय ने धक्का मुक्की कर उन्हें गिरा दिया। पीड़िता ने आवेदन में कहा कि जितेंद्र राय, लालबाबू शर्मा, संतोष कुमार साह समेत कई अन्य अज्ञात लोगों ने उनके घर को तोड़ दिया है। कल्याणी प्रसाद ने बताया कि घर मे रखे 20 हजार नगदी के साथ 2 बक्सा, सोना-चांदी के साथ अन्य समान भरा हुआ लोहे का आलमीरा, सिलाई मशीन, गैस चूल्हा, सिलेंडर, 2 साइकिल, दो मंजिला घर का दरवाजा, खिड़की, ईंट, दीवार सब ट्रैक्टर पर लादकर फरार हो गए। वहीं घटना की जानकारी रात में ही पुलिस को दी गई, जिसके बाद महनार थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह रात में ही घटनास्थल पर पंहुचे और आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं।



Comment here