Breaking News

मुजफ्फरपुर :शौचालय के संचालक की दबंगई:एग्रीमेंट खत्म, वसूली जारी… महिला से 5 के बजाय लिया 30 चार्ज

जंक्शन पर पे एंड यूज शौचालय का कांट्रैक्ट खत्म हो जाने के बाद भी संचालक इसे अवैध तरीके से चला रहा था। यही नहीं, दबंगई करते हुए ठेकेदार के कर्मी शौचालय इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को 6 गुना तक ओवरचार्जिंग (अधिक वसूली) कर रहे थे। बुधवार को एक महिला यात्री को ओवरचार्जिंग करने पर हुए विवाद के बाद इसका खुलासा हुआ। शिकायत मिलने पर आरपीएफ ने महिला यात्री को ओवरचार्जिंग करने और दुर्व्यवहार करने वाले शौचालय संचालक के कर्मी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अवैध रूप से चल रहे शौचालय काे सील कर दिया।n

दरअसल, मधेपुरा की यात्री साेनम कुमारी बुधवार काे यूटीएस हाॅल स्थित शौचालय में गई। लेकिन, संचालक का स्टाफ वैशाली जिले के भगवानपुर निवासी अखिलेश कुमार ने महिला यात्री से शौचालय यूज के लिए निर्धारित 5 रुपए के बदले जबरन 30 रुपए काट लिए। महिला ने निर्धारित चार्ज से 6 गुना अधिक रुपए लेने का विराेध किया तो वह महिला यात्री से बदसलूकी करने लगा। महिला ने डीसीआई व स्टेशन अधीक्षक काे फाेन कर इसकी सूचना दी। जिसके बाद दाेनाें अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बावजूद शौचालय कर्मी दबंगई दिखाने से बाज नहीं आया। दोनों अधिकारियों के सामने महिला यात्री से बदतमीजी से ही पेश आ रहा था। इसके बाद महिला यात्री ने आरपीएफ थाने में घटना की लिखित शिकायत की। जिसके बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर पीएस दूबे ने जवानाें काे भेजकर शौचालय कर्मी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।

सवाल : अनाधिकृत रूप से शौचालय कैसे चलाया जा रहा

डीसीआई व स्टेशन डायरेक्टर बोले- निर्देश के बाद सील कर दिया गया

डीसीआई से जब पूछा गया कि सर्कुलेटिंग एरिया में अनाधिकृत रूप से शौचालय कैसे चल रहा था, ताे उन्हाेंने कहा कि मुख्यालय के निर्देश पर उसे सील कर दिया गया है। जबकि, यूटीएस हाॅल वाले शौचालय संचालक काे ओवर चार्जिंग में पहले भी जुर्माना किया गया है। इधर, स्टेशन डायरेक्टर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि महिला यात्री से बदतमीजी और ओवरचार्जिंग मामले में यूटीएस हाॅल वाले शौचालय के कर्मी को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं सर्कुलेटिंग एरिया वाले शौचालय का एग्रीमेंट खत्म हाेने के बाद उसे एक सप्ताह का ग्रेस दिया गया था। लेकिन, उसने ग्रेस पीरियड में भी रेलवे का बकाया राजस्व नहीं जमा कराया, जिस पर उसे सील कर दिया गया। रेलवे के पास जमा सुरक्षित राशि से बकाए राशि की क्षति-पूर्ति की जाएगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.