राजधानी में फिर से अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। रविवार की शाम अपराधियों ने पटना में कैश लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अपराधियों ने हथियार के बल पर एक गैस एजेंसी से कैश लूट लिया है। वारदात पत्रकार नगर थाना इलाके के भाभा गली की है। इसी गली में भारत गैस की उषा श्री गैस एजेंसी है। यहीं हथियार से लैश होकर अपराधी पहुंचे थे। यहां से अपराधियों ने तीन लाख रुपए कैश लूट लिए हैं।
सिटी एसपी ने की पुष्टि
पटना के सिटी एसपी ईस्ट संदीप सिंह ने इस वारदात की पुष्टि की है। वारदात के सामने आने के बाद पटना पुलिस में हड़कंप मच गया। दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। जिसमें पत्रकार नगर और कंकड़बाग थाना की पुलिस ने मामला की पड़ताल शुरू की। वारदात के वक्त गैस एजेंसी के ऑफिस में 3-4 की संख्या में स्टाफ मौजूद थे और इनसे पुलिस ने पूछताछ की। जिसके बाद कई जानकारियां मिली।
क्या बोले थानेदार
शुरुआती जांच के बाद कंकड़बाग के थानेदार रविशंकर ने बताया कि कैश लूट की वारदात शाम के 6:30 बजे के करीब की है। हथियार से लैश होकर दो अपराधी गैस एजेंसी के अंदर पहुंचे। फिर पिस्टल दिखाकर एजेंसी के सभी स्टाफ को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शनिवार और रविवार, दो दिन कलेक्ट किए गए कैश तीन लाख रुपए को लूट लिया। फिर अपराधी बाइक से भाग गए। वारदात के दौरान मौजूद गैस एजेंसी के स्टाफ ने पुलिस के सामने इसकी पुष्टि की है।
CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा
पुलिस के अनुसार एजेंसी के अंदर और इलाके में लगे CCTV के फुटेज को खंगाला जा रहा है। अब तक की जांच में पता चला है कि गैस एजेंसी के अंदर दो अपराधी तो गए थे, पर बाहर में भी एक-दो लाइनर होने की आशंका है। जो एजेंसी के बाहर रहकर आने-जाने वालों पर अपनी नजर रख रहे थे। फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है। फुटेज से ही अपराधियों की पहचान हो पाएगी। दूसरी तरफ गैस एजेंसी के मालिक 4 लाख रुपए से अधिक के लूटे जाने की बात कह रहे हैं।



Leave a Reply