बिहार में 14 फरवरी से मैट्रिक की परीक्षा चल रही। आज इस परीक्षा का आखिरी दिन है। दो दिन पहले हिंदी की परीक्षा में ऐसे दो सवाल पूछे गए जिसमें से एक का सही जवाब ऑप्शन में ही नहीं था। तो वहीं दूसरा सवाल ही गलत था।
पहली शिफ्ट की हिंदी परीक्षा में छात्रों ने 32 और 37 नंबर प्रश्न का जवाब जो भी दिया हो, उन्हें शायद कोई अंक नहीं मिलने वाला हैं। हिन्दी के सवाल में पहली गलती प्रश्न संख्या 32 में दिखाई पड़ी।
बिहार बोर्ड ने सवाल पूछा कि ‘इन मुसलमान हरिजनन पै, कोटिन हिंदु वारिये’ किस कवि का कथन है?
ये सवाल ऑब्जेक्टिव टाइप था, जिसके 4 ऑप्शन थे। इन चारों ऑप्शन में से गुरूनानक, प्रेमचंद, रसखान और घनानंद का नाम चुनना था। ऐसे में प्रश्न पत्र के वैकल्पिक उत्तर में जिन कवियों का नाम दिया गया था, उसमें से किसी ने ये नहीं कहा है। ये कथन महान कवि भारतेंदु हरिश्चंद्र का है। उन्होंने पठान वंश के कवि रसखान की रचना से मुग्ध होकर कहा था- इन मुसलमान हरिजनन पै, कोटिन हिंदु वारिये। दरअसल रसखान ने कृष्ण की लीला रची थी।

दो दिन पहले हिंदी विषय की परीक्षा में ऐसे दो सवाल पूछे गए जिसका सही जवाब ऑप्शन में ही नहीं था।
हिंदी विषय की परीक्षा में दूसरी गलती भी आई सामने
वहीं, हिंदी विषय की परीक्षा में दूसरी गलती भी देखी गई। परीक्षार्थियों से सवाल पूछा गया कि मीर मुंशी ने किस कवि का वध किया था? चार वैकल्पिक उत्तर में रामधारी सिंह दिनकर, गुरु नानक, अज्ञेय तथा घनानंद का नाम दिया गया। परीक्षार्थियों को उनमें से एक को चुनने को कहा गया।
हिंदी की किताबें बताती हैं कि कवि घनानंद ही तत्कालीन मुगल बादशाह मोहम्मद शाह रंगीले के दरबार में मीर मुंशी का काम करते थे। कवि घनानंद सन् 1739 में नादिर शाह के सैनिकों के हाथों मारे गए थे। उन्होंने किसी कवि का वध नहीं किया था। ऐसे में ये सवाल ही गलत है कि मीर मुंशी ने किसी कवि का वध किया था।
एक प्रश्न पत्र में 2 सवाल गलत होना मैनेजमेंट और शिक्षक के ऊपर एक बड़ा सवाल
वहीं, इस पर पटना डीएवी बीएसईबी में हिंदी विषय की शिक्षिका मधुलिका का कहना हैं कि जब राज्य स्तर पर किसी परीक्षा का सवाल तैयार होता है, तो उसका वेरिफिकेशन कई लोगों द्वारा किया जाता। लगता है उन लोगों ने भी प्रश्न को ठीक से चेक नहीं किया या फिर उन्हें जानकारी नहीं थी।
जहां तक यह राज्य स्तर की परीक्षा है, इसमें लाखों बच्चे शामिल होते हैं। ऐसे में अगर सवाल गलत आए तो सवाल के घेरे में मैनेजमेंट और शिक्षक दोनों खड़े होते है। हम बच्चों से उम्मीद रखते है कि वह सब सही जवाब दें। वैसे ही बच्चों को भी हमसे उम्मीद रहती है कि हमसे जो सवाल पूछा जाए वह पूरा सही हो। वह भी एक प्रश्न पत्र में 2 सवाल गलत होना बहुत बड़ी बात हैं।



Comment here