बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव बुधवार को साइकिल से दफ्तर पहुंचे। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव मेरे सपने में आए। उन्होंने मेरे साथ साइकिल भी चलाई। उन्होंने मुझे घड़ी दी। मैं जब रोने लगा तो वे भी रोने लगे।
इसके बाद मेरे मन में आया कि साइकिल से दफ्तर जाऊं। इससे पर्यावरण भी बचेगा। तेज प्रताप यादव राबड़ी आवास से विभागीय कार्यालय अरण्य भवन तक करीब 1 किलोमीटर की दूरी साइकिल चलाकर तय की है।
मंत्री ने कहा कि तमाम लोगों को पर्यावरण को बचाने के लिए सप्ताह में 1 दिन साइकिल चलाने की जरूरत है ताकि हमारा पर्यावरण संरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को 1 दिन साइकिल चलाने की जरूरत है ताकि पर्यावरण को बचाया जा सके।

तेज प्रताप ने ट्वीट कर दी जानकारी।
अब जानिए मंत्री जी से पूरा सपना…
वृंदावन जाते समय रास्ते में मिले नेता जी
मंत्री और लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने मुलायम सिंह के अपने सपने में आने की पूरी कहानी बताई। उन्होंने कहा- मैं सपने में वृंदावन जा रहा था, रास्ते में नेताजी का सैफई गांव पड़ा, तो सोचा कि एक बार घूम लेता हूं। जब वहां पहुंचा तो देखा कि नेताजी वहां पर कुछ नेताओं के साथ बैठे हुए थे, उन्होंने जब मुझे देखा तो कहा कि अरे तेजप्रताप तुम यहां, उसके बाद हमने कहा कि हम पूरा गांव आपका घूमना चाहते हैं, और साइकिल से ही घूमना चाहते हैं।
तब उन्होंने दो साइकिल मंगाया और वह और मैं साथ में साइकिल चला रहे थे। उसके बाद घूमते समय किसी महिला ने नेताजी को अपनी समस्या को बताया। महिला ने पूछा कि यह आपके साथ कौन है तो उन्होंने कहा कि यह तेजप्रताप जी हैं। यह बिहार से आए हैं। उसके बाद उन्होंने वहां पर शादी का फंक्शन अटेंड किया। मैंने भी अटेंड किया और वहां पर भी लोग उनको साइकिल के साथ देख कर चौंक गए।
मैं रोने लगा तो नेताजी भी रोने लगे
मेरी नेताजी से पॉलिटिकल बातें हुईं। उन्होंने मुझे कहा कि आप डिपार्टमेंट संभाल रहे हैं, आप आगे बढ़ गए आपको मेरा आशीर्वाद है। आप बहुत ऊंचाई तक जाइए। इसके बाद उन्होंने मुझे अपना घड़ी भी दिया, घड़ी लेने के बाद में भावुक हो गया और मैंने आशीर्वाद लिया। मैं रोने लगा तो नेताजी भी मेरे साथ रोने लगे। मैंने कहा कि नेताजी आप हम सभी को छोड़ कर चले गए हैं। नेता जी ने कहा कि मैं छोड़कर आप लोगों को कहीं गया नहीं हूं। आप ही लोगों के बीच में हूं।

राबड़ी आवास से विभागीय कार्यालय अरण्य भवन तक करीब 1 किलोमीटर की दूरी साइकिल चलाकर तय की

साइकिल से जाने की पूरी कहानी तेज प्रताप ने सुनाई।
सुबह नौ बजे देखा सपना
तेज प्रताप यादव ने कहा कि सुबह करीब 9 बजे मैंने सपना देखा था। मेरे सपने में नेताजी मुलायम सिंह आए थे, उन्होंने बहुत सारी बातें हमसे की और हमारे मन में आया कि आज हम साइकिल से अपने विभाग चलते हैं। सपने में नेताजी ने खुद मेरे ही साथ साइकिल चलाया, इससे ज्यादा सौभाग्य की बात और क्या हो सकती है। उन्होंने सभी से अपील की कि सभी लोग साइकिल से चले, इससे पर्यावरण हमारा बचा रहेगा।



Comment here