Breaking News

ISI एजेंट को गोपनीय जानकारी देने वाले पर चार्जशीट:मोबाइल से मिले थे कई साक्ष्य, स्पीडी ट्रायल चलाने की अनुशंसा करेगी

पाकिस्तानी ISI एजेंट को गोपनीय सूचना भेजने के मामले में जेल में बंद रवि चौरसिया के खिलाफ चार्जशीट दायर कर दी गई है। वह फिलहाल मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में बंद है। केस के आईओ सह कटरा सर्किल इंस्पेक्टर नवीन कुमार ने चार्जशीट दायर की है।

जानकारी के अनुसार, मोबाइल से मिले साक्ष्य के आधार पर चार्जशीट की कार्रवाई की गई है। अब पुलिस उसपर स्पीडी ट्रायल चलाने की अनुशंसा करेगी। रवि के गिरफ्तारी के ढाई महीने बाद भी आईएसआई एजेंट को पुलिस चिह्नित नहीं कर पाई है। केस के आईओ ने चार्जशीट कोर्ट में जमा करने की पुष्टि कर दी है।

बताते चलें कि रवि मुजफ्फरपुर के कटरा रजिस्ट्री कार्यालय में क्लर्क का काम करता था। उसे जिला पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार किया था। उसका मोबाइल भी जब्त किया गया था। इसमें खुफिया डिटेल भेजने की जानकारी पुलिस को मिली थी।

जिसके बाद उससे पुलिस के अलावा, अन्य जांच एजेंसियां भी पूछताछ की थी। बताया गया था कि रवि कटरा रजिस्ट्री कार्यालय से पहले चेन्नई के अवाडी स्थित रक्षा मंत्रालय के भाड़ी वाहनों के कारखाने में पोस्टेड था। इस दौरान रवि ने तोप, टैंक समेत रक्षा मंत्रालय के अन्य हथियारों के बारे में सोशल मीडिया के माध्यम से तस्वीर भेजी थी। साथ ही जानकारी भी मुहैया कराता था। वहां से नौकरी छोड़ने के बाद वह कटरा रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा था। यहां भी वह उससे संपर्क में था। इसी दौरान वह पकड़ा गया था। उससे पुलिस के अलावा कई जांच एजेंसियों ने भी पूछताछ की थी। इसके बाद उसे जेल भेजा गया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.